Palwal News : ‘हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम
9 अक्टूबर तक चलेगा राष्ट्रीय पोषण माह अभियान
जिला में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन और निर्देशन में जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी चौधरी की देखरेख में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिलाभर में पोषण जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई।
पलवल। जिला में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन और निर्देशन में जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी चौधरी की देखरेख में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिलाभर में पोषण जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। 
यह अभियान 9 अक्टूबर तक चलेगा। इस वर्ष पोषण माह की मुख्य थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। अभियान का उद्देश्य आमजन को पोषण के प्रति जागरूक करना, बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना तथा कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्ल्र ने जिला के सभी नागरिकों, विशेषकर माताओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़ें और पोषण माह को जनभागीदारी से सफल बनाएं। उन्होंने बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देने तथा कुपोषण के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। राष्ट्रीय स्तर पर भी 9वें पोषण माह का शुभारंभ वाराणसी उत्तर प्रदेश से किया गया। पलवल जिला में जिला स्तर से लेकर ब्लॉक और आंगनवाड़ी केंद्र स्तर तक महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को जिलाभर में पोषण शपथ एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और माताओं ने पोषण शपथ लेकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर महीने भर आयोजित होने वाली गतिविधियों का कैलेंडर भी प्रदर्शित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि 10 और 16 सितंबर को आहार में विविधता एवं प्रोटीन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें दाल, चना, दूध, दही, हरी सब्जियां और मोटे अनाज जैसे स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने पर जोर दिया जाएगा। 11 और 17 सितंबर को ताजा पका हुआ भोजन, स्वच्छता और हाथ धोने की सही प्रक्रिया पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों के मेन्यू बोर्ड भी अपडेट किए जाएंगे। 12 और 18 सितंबर को आंगनवाड़ी प्रबंधन समितियों एवं माताओं की भागीदारी से भोजन की गुणवत्ता की समीक्षा की जाएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि 14, 19 और 24-25 सितंबर को प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा के तहत 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए खेल-कूद, कहानी सुनाने तथा अभिभावक-बाल गतिविधियों का आयोजन होगा। वहीं 15, 21 और 26 सितंबर को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत विशेष ड्राइव चलाकर पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का पंजीकरण तथा लंबित मामलों का निस्तारण किया जाएगा। 22 और 28 सितंबर को पोषण वाटिका एवं स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों को बढ़ावा दिया जाएगा। 30 सितंबर को बच्चों के पोषण और देखभाल में पुरुषों एवं अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि अभियान का प्रमुख आकर्षण 5 अक्टूबर को आयोजित होने वाला पोषण मेला होगा। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाले इस मेले में स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए जाएंगे और लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया जाएगा।

About The Author
संबंधित समाचार



