Nuh/Mewat News: नूंह में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा व्यापक विस्तार, जिला अस्पताल व नए स्वास्थ्य केंद्रों से ग्रामीणों को मिलेगा लाभ : उपायुक्त अखिल पिलानी
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिला नूंह में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिला नूंह में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा नूंह के पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में 155.49 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड क्षमता वाले जिला सामान्य अस्पताल (डीसीएच) के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जा चुका है। परियोजना के पूर्ण होने से जिले के नागरिकों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।
.jpeg)
उपायुक्त ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं के तहत जिले के कई गांवों में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण भी किया जाएगा। इसके तहत गांव अडबर में 60 लाख रुपये, छारोड़ा में 79 लाख रुपये, कंकर खेड़ी (खेरली नूंह) में 64 लाख रुपये, नई में 69 लाख रुपये, सिरोली में 61 लाख रुपये तथा इंडरी में 63 लाख रुपये की लागत से उप-स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए गांव पढ़ेनी में 50 लाख रुपये तथा पिनगवां में 62 लाख रुपये की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) भवनों का निर्माण भी किया जाएगा। इन इकाइयों के संचालन से स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन एवं निगरानी के साथ-साथ विभिन्न जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा जिला नूंह के जलालपुर फिरोजपुर, कोलगांव तथा खवाजली कलां में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने की सैद्धांतिक स्वीकृति भी प्रदान की गई है। इन स्वास्थ्य केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीणों को गांव स्तर पर ही नियमित स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक उपचार, गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं की स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि इन स्वास्थ्य परियोजनाओं के क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध होंगी। इससे जिला अस्पतालों तथा अन्य बड़े स्वास्थ्य संस्थानों पर मरीजों का दबाव भी कम होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

About The Author
संबंधित समाचार



