Palwal News: राष्ट्रीय राजमार्गों से हटेगा अवैध अतिक्रमण, उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने संयुक्त कार्यबल का किया गठन

एनएच-19, केएमपी और केजीपी पर चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट

Desh Rojana
On

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जिला में राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास बढ़ रहे अवैध अतिक्रमण, अनाधिकृत निर्माण, अवैध गतिविधियों तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रभावी कार्रवाई के लिए संयुक्त कार्यबल का गठन किया है।

पलवल: उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जिला में राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास बढ़ रहे अवैध अतिक्रमण, अनाधिकृत निर्माण, अवैध गतिविधियों तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रभावी कार्रवाई के लिए संयुक्त कार्यबल का गठन किया है। जिला प्रशासन की ओर से इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया गया है। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने एनएच-19, केएमपी तथा केजीपी गलियारों के आसपास अवैध निर्माण, अनधिकृत अहाते, सडक़ के डिवाइडर एवं किनारों की अवैध कटिंग, अनधिकृत पार्किंग, बीएस-3 एवं इससे पुराने परिवहन वाहनों का संचालन, बिना लाइसेंस अथवा अवैध परिवहन वाहन तथा अवैध ढाबों, शराब की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों के आसपास अतिक्रमण जैसी गतिविधियों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उक्त आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों के कारण यातायात जाम, सार्वजनिक मार्गों में बाधा, जन असुविधा तथा गंभीर सडक़ दुर्घटनाओं का खतरा उत्पन्न हो रहा है।

WhatsApp Image 2026-06-21 at 12.34.10 AM

उपायुक्त ने संबंधित अधिनियमों के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त कार्यबल का गठन किया है। कार्यबल की समग्र निगरानी संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) द्वारा की जाएगी, जबकि जिला नगर योजनाकार को सदस्य सचिव बनाया गया है। संयुक्त कार्यबल में केजीपी के प्रबंधक, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम के केएमपी से संबंधित कार्यकारी अभियंता, संबंधित उप पुलिस अधीक्षक, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि, जिला आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारी, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता/उपमंडल अधिकारी, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के प्रतिनिधि, रोडवेज के प्रतिनिधि तथा राजस्व विभाग के तहसीलदार/नायब तहसीलदार को सदस्य बनाया गया है।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर की ओर से संयुक्त कार्यबल को एनएच-19, केएमपी और केजीपी गलियारों का तीन दिन के अंदर संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। संयुक्त कार्यबल द्वारा निरीक्षण के दौरान अवैध अहातों एवं अनधिकृत निर्माण, डिवाइडर एवं सडक़ किनारों की अवैध कटिंग, अनधिकृत बिजली एवं पानी के कनेक्शन, राजमार्गों, फुटपाथों तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनधिकृत पार्किंग और अतिक्रमण की पहचान कर उनका पूरा विवरण तैयार किया जाएगा।

अवैध निर्माण हटाने और अनधिकृत प्रतिष्ठानों को सील करने के निर्देश

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने आदेश में संबंधित विभागों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में तत्काल प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अंतर्गत अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण को हटाने अथवा ध्वस्त करने, अनधिकृत प्रतिष्ठानों को सील करने, अवैध बिजली एवं पानी के कनेक्शन काटने तथा अवैध रूप से खड़े वाहनों के चालान और उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के लाइसेंस अथवा अनुमतियों को निलंबित या रद्द करने की कार्रवाई भी संबंधित विभागों द्वारा की जाएगी।

तीन दिन में प्रस्तुत करनी होगी कार्रवाई रिपोर्ट

उपायुक्त की ओर से संयुक्त कार्यबल को की गई कार्रवाई की अनुपालन रिपोर्ट तीन दिन के भीतर उपायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित उपमंडल अधिकारी समग्र निगरानी सुनिश्चित करेंगे, जबकि जिला नगर योजनाकार निरीक्षण एवं कार्रवाई से संबंधित समेकित अभिलेख तैयार करेंगे। प्रत्येक सदस्य विभाग अपने अधिकार क्षेत्र में संबंधित अधिनियमों एवं नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करेगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई जन सुरक्षा सुनिश्चित करने, घातक सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की जा रही है। आदेश की अनुपालना में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad