Palwal News: के.सी.एम. वर्ल्ड स्कूल में पोषण सप्ताह का आयोजन
के.सी.एम. वर्ल्ड स्कूल में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पोषण सप्ताह का आयोजन किया गया।
पलवल: के.सी.एम. वर्ल्ड स्कूल में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पोषण सप्ताह का आयोजन किया गया। ‘सही खाओ, स्वस्थ जीवन जियो’ संदेश के साथ आयोजित इस सप्ताह में विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन के महत्त्व को समझाने के साथ-साथ स्वस्थ खान-पान की आदतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

पोषण सप्ताह के दौरान विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों की उपयोगिता से परिचित कराया गया। बच्चों ने हरी सब्जियों, रेशायुक्त खाद्य पदार्थों, दालों एवं मेवों से बने पौष्टिक व्यंजनों को अपने भोजन का हिस्सा बनाया। इसके साथ ही अंकुरित अनाज, फल एवं पारंपरिक भारतीय व्यंजनों को भी विशेष महत्व दिया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यार्थियों ने साबूदाना खिचड़ी, कुट्टू की पूरी, मखाने की खीर एवं फलों की चाट जैसे सात्त्विक एवं फलाहारी व्यंजनों का आनंद लिया।
इस आयोजन का विशेष आकर्षण परिवार के साथ बैठकर पारंपरिक भारतीय भोजन करने की पहल रही। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को भोजन के पोषण मूल्य के साथ-साथ परिवार के साथ मिलकर भोजन करने की सुंदर परंपरा से भी जोड़ा गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पारुल भारद्वाज जी ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बचपन से विकसित की गई अच्छी खान-पान की आदतें जीवनभर साथ रहती हैं। विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थी पौष्टिक भोजन को केवल एक गतिविधि तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से भी आह्वान किया कि वे बच्चों के भोजन में पौष्टिक एवं संतुलित आहार को प्राथमिकता दें और उन्हें अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों से दूर रखते हुए स्वस्थ भोजन के प्रति जागरूक करें। पोषण सप्ताह ने विद्यार्थियों में स्वस्थ भोजन के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



