Nuh/Mewat News: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, हर बूथ पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

Desh Rojana
On

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों, उनकी तैयारियों तथा प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। 

नूंह: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों, उनकी तैयारियों तथा प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नूंह से उपायुक्त अखिल पिलानी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी बैठक से जुड़े।

WhatsApp Image 2026-09-06 at 1.03.58 PM (2)
सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव के.एम. पांडुरंग तथा निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों एवं कार्ययोजना की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

हर बूथ पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया: मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जिलों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित परियोजनाओं तथा प्रमुख विकास कार्यों को चिन्हित कर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। 17 सितंबर की शाम प्रत्येक बूथ पर लाभार्थियों एवं आमजन के घर जाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाए। प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को अभियान से जोड़ते हुए उनके अनुभवों को सामने लाया जाए तथा कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में हुए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों तथा लोगों के जीवन में आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विश्वविद्यालयों में सेमिनार, सार्वजनिक स्थानों पर विकास यात्रा से संबंधित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के बदलाव की कहानियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाए।

कोई पात्र लाभार्थी न छूटे: मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। मंत्रीगण, विधायक, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आमजन को अभियान से जोड़कर इसे जन-अभियान बनाया जाए।
ग्राम सचिवालय, व्यायामशालाओं, किसानों के हित में किए गए कार्यों, सड़कों, एक्सप्रेस-वे सहित प्रमुख विकास परियोजनाओं को भी चिन्हित कर जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

बच्चों की प्रतिभा से दिखेगा विकसित भारत का सपना:  17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें बच्चों को वर्ष 2047 के विकसित भारत की अपनी कल्पना प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा तथा श्रेष्ठ चित्रों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
पिछले 25 वर्षों में देश में आए सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव को कला एवं संस्कृति के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए ‘नमो सेवा गाथा’ नामक संगीतमय नुक्कड़ नाटक भी गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।

आंगनवाड़ी केंद्रों पर विशेष उत्सव: 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आंगनवाड़ी केंद्रों पर विशेष उत्सव आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन तथा माताओं को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी दी जाएगी। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मिशन इंद्रधनुष सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

‘सेवा सेतु’ शिविरों से घर-घर पहुंचेगा योजनाओं का लाभ: अभियान के दौरान ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने का प्रयास करेगा। मुख्यमंत्री ने इन शिविरों में ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ को भी प्रमुखता से शामिल करने के निर्देश दिए।

90 विधानसभा क्षेत्रों में होगा ‘सेवा मेरा योगदान’: ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में 180 स्थानों पर समाजसेवा की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। नागरिकों से कम से कम 25 मिनट समाज सेवा के लिए देने का आह्वान किया जाएगा। रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता एवं जरूरतमंदों की सहायता जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।

विश्व के 25 देशों में हरियाणा की भागीदारी: अभियान के तहत विश्व के 25 देशों में सूर्योदय के अवसर पर यज्ञ आयोजित किए जाएंगे, जिसमें विदेशों में रह रहे हरियाणा के लोगों को जोड़ा जाएगा। इसके माध्यम से सेवा, संस्कार और विकसित भारत के संकल्प को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।

युवा इनोवेटर्स को मिलेगा राष्ट्रीय मंच: ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ के तहत दिल्ली सहित पांच प्रमुख केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिल्ली में हरियाणा के युवा इनोवेटर्स, स्टार्टअप्स एवं नवाचार के क्षेत्र में कार्य कर रहे युवाओं की भागीदारी होगी तथा उनके नवाचारों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

‘सेवा ज्योति’ से लिया जाएगा विकसित भारत का संकल्प: हर जिले एवं गांव से ‘सेवा ज्योति’ यानी संकल्प मशाल यात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें युवा, नागरिक और कार्यकर्ता शामिल होकर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सामूहिक संकल्प लेंगे। जनसंवादों के माध्यम से विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

17 अक्टूबर को होगा ‘जनसेवक महाकुंभ’: एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ के साथ होगा। इस अवसर पर पंचायत से लेकर संसद तक के लगभग 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के एक साथ जुटने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने किया सेवा संकल्प अभियान को जन अभियान बनाने का आह्वान: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त अखिल पिलानी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को नूंह में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की सभी गतिविधियों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अधिकारी प्रभावी समन्वय के साथ कार्य किया जाए। इस अवसर पर एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, सीटीएम अप्रीतम सिंह, एफएलएन कोऑर्डिनेटर डॉ. कुसुम मलिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad