Rewari News: रेवाड़ी हाफ मैराथन को लेकर रेवाड़ी पुलिस अलर्ट, मुख्यमंत्री के आगमन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर दिए कड़े सुरक्षा निर्देश
त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
6 सितंबर को रेवाड़ी के ऐतिहासिक राव तुलाराम स्टेडियम में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय 'रेवाड़ी हाफ मैराथन' का ऐतिहासिक खेल प्रतियोगिता होगी। इसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और हजारों प्रतिभागियों का उत्साह वर्धन करते हुए इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस आयोजन में शामिल होने अथवा देखने के लिए प्रदेश भर से करीब 90 हजार प्रतिभागियों और लोगों के पहुंचने की संभावना है।
रेवाड़ी: 6 सितंबर को रेवाड़ी के ऐतिहासिक राव तुलाराम स्टेडियम में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय 'रेवाड़ी हाफ मैराथन' का ऐतिहासिक खेल प्रतियोगिता होगी। इसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और हजारों प्रतिभागियों का उत्साह वर्धन करते हुए इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस आयोजन में शामिल होने अथवा देखने के लिए प्रदेश भर से करीब 90 हजार प्रतिभागियों और लोगों के पहुंचने की संभावना है। इस आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए रेवाड़ी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में पुलिस अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपिका अग्रवाल, सभी डीएसपी, थाना प्रबंधक और सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के प्रमुख बिंदु : त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरा : कार्यक्रम स्थल और संपूर्ण मैराथन रूट पर कड़ा सुरक्षा घेरा तैनात रहेगा। वीवीआईपी सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है।
सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी : संपूर्ण मैराथन मार्ग और कार्यक्रम स्थल की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन तकनीक से निगरानी की जाएगी। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
क्यूआरटी और एम्बुलेंस सेवाएं : किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए क्विक रेस्पॉन्स टीम और एम्बुलेंस सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
व्यवहार में विनय: पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र ने स्पष्ट हिदायत दी कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जवान अपने - अपने पॉइंट पर समय पर तैनात रहकर नागरिकों और धावकों के साथ विनम्रता और सहयोग का व्यवहार करेंगे।
मैराथन रूट एवं मार्ग प्रतिबंध: मुख्य मैराथन रूट: राव तुलाराम स्टेडियम ➔ राव अभय सिंह चौक ➔ पोसवाल चौक ➔ राजेश पायलट चौक ➔ गढ़ी बोलनी रोड स्थित बीएमजी एलिगेन्ट सिटी कट (यू-टर्न)।
प्रतिबंध का समय (धारूहेड़ा रोड): 05 सितंबर शाम 05:00 बजे से 06 सितंबर दोपहर 12:00 बजे तक रेवाड़ी से धारूहेड़ा रोड (NH-352 फ्लाई ऑवर के नीचे से) से राव अभय सिंह चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः बंद रहेगा। प्रतिबंध का समय (मुख्य मैराथन मार्ग): 06 सितंबर सुबह 04:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक पूरे मैराथन मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
वैकल्पिक मार्ग एवं ट्रैफिक डायवर्जन प्लान: नारनौल व महेंद्रगढ़ से गुरुग्राम, दिल्ली व जयपुर जाने वाले वाहन: हरि नगर फ्लाईओवर के ऊपर से रेवाड़ी बाईपास होते हुए गोकलगढ़, प्रजापति चौक से NH-352 पकड़कर झज्जर, गुरुग्राम, दिल्ली व जयपुर जाएं, या नारनौल रोड NH-11 का प्रयोग करें। इसी प्रकार गुरुग्राम व दिल्ली से नारनौल व महेंद्रगढ़ जाने वाले वाहन: पुलिस लाइन के पास NH-352 से NH-11 होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएं। रेवाड़ी शहर में प्रवेश करने वाले वाहन: रेवाड़ी-धारूहेड़ा रोड से NH-352 होते हुए मीरपुर रोड फ्लाईओवर के नीचे से प्रजापति चौक, गोकलगढ़ व रेवाड़ी बाईपास का प्रयोग करें, अथवा NH-11 से बावल रोड पर उतरकर आईओसी चौक होते हुए शहर में प्रवेश करें।
बस सेवाओं (रोडवेज व निजी) के लिए रूट: पटौदी, झज्जर, गुरुग्राम व दिल्ली जाने वाली बसें रेवाड़ी सर्कुलर रोड से झज्जर चौक होते हुए चलेंगी। इसी प्रकार जयपुर व दिल्ली जाने वाली बसें रेवाड़ी से बावल रोड एवं NH-11 के रास्ते से संचालित होंगी।
पार्किंग व्यवस्था: सामान्य पार्किंग: प्रजापति चौक (नए बस स्टैंड के पास) तथा धारूहेड़ा रोड बालाजी मार्केट के पास खाली स्थान पर रहेगी।
नोट: मैराथन में भाग लेने वाले सभी प्रतियोगी एवं दर्शक अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सड़कों या मैराथन रूट पर अवैध रूप से वाहन पार्क न करें, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति न बने। सभी यातायात नियमों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें।
रेवाड़ी पुलिस की अपील: रेवाड़ी पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे इस भव्य महोत्सव में अनुशासन बनाए रखें, पुलिस द्वारा जारी यातायात निर्देशों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को दें। आपातकालीन सेवाओं (एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड आदि) को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा।

About The Author
संबंधित समाचार



