Gurugram News: गुरुग्राम के लेपर्ड ट्रेल में लैंडस्लाइड, पहाड़ से सड़क तक खिसका मलबा
करीब 15 मिनट तक रोका गया ट्रैफिक, बाल-बाल टला बड़ा हादसा
दो दिन की लगातार बारिश के बाद गुरुग्राम की अरावली पहाड़ियों में स्थित लेपर्ड ट्रेल में लैंडस्लाइड का मामला सामने आया है। पहाड़ का एक हिस्सा अचानक सरकने लगा और मलबा नीचे की ओर आ गया।
गुरुग्राम: दो दिन की लगातार बारिश के बाद गुरुग्राम की अरावली पहाड़ियों में स्थित लेपर्ड ट्रेल में लैंडस्लाइड का मामला सामने आया है। पहाड़ का एक हिस्सा अचानक सरकने लगा और मलबा नीचे की ओर आ गया। घटना के समय मौके पर पर्यटक मौजूद थे और कुछ लोग घटनास्थल के पास फोटोग्राफी व वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान एक पर्यटक ने लैंडस्लाइड का वीडियो कैमरे में कैद कर लिया।

लैंडस्लाइड की घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। एहतियात के तौर पर सड़क से गुजर रहे वाहनों को रोक दिया गया। हालांकि, पहाड़ से खिसका मलबा सड़क के मुख्य हिस्से तक नहीं पहुंचा, लेकिन दोबारा मलबा गिरने की आशंका को देखते हुए वाहन चालकों और पर्यटकों को कुछ देर तक रोके रखा गया।
15 मिनट तक रुका रहा ट्रैफिक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लैंडस्लाइड के बाद करीब 15 मिनट तक वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। लोग पहाड़ की तरफ देखते रहे और दोबारा मलबा गिरने का इंतजार करते रहे। जब कुछ देर तक कोई और हलचल नहीं हुई तो वाहनों को बेहद सावधानी के साथ आगे जाने दिया गया।
मौके पर मौजूद पर्यटकों ने बताया कि वे लेपर्ड ट्रेल में फोटोग्राफी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ से मिट्टी और पत्थरों का मलबा नीचे की ओर खिसकता दिखाई दिया। घटना के समय पर्यटकों की मौजूदगी के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका थी, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बारिश के बाद लैंडस्लाइड बना चर्चा का विषय
पिछले दो दिनों में हुई भारी बारिश के कारण गुरुग्राम में कई जगह जलभराव और यातायात प्रभावित होने की घटनाएं सामने आई हैं। अब अरावली के लेपर्ड ट्रेल में लैंडस्लाइड की घटना ने भी लोगों का ध्यान खींचा है।
आमतौर पर लैंडस्लाइड की घटनाएं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों से जुड़ी मानी जाती हैं। ऐसे में गुरुग्राम की अरावली पहाड़ियों में पहाड़ का हिस्सा खिसकने की घटना ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच चर्चा बढ़ा दी है। घटना के बाद कुछ लोग लेपर्ड ट्रेल घूमने के साथ उस स्थान को देखने भी पहुंच रहे हैं।
हालांकि, बारिश के बाद अरावली क्षेत्र में पहाड़ी ढलानों की स्थिति को देखते हुए पर्यटकों के लिए सावधानी बरतना जरूरी है। विशेषकर ऐसे स्थानों पर जहां मिट्टी या चट्टानों के खिसकने की आशंका हो, वहां जाने से बचना और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करना महत्वपूर्ण है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



