Palwal News: जन शिकायतों के त्वरित समाधान से मजबूत हो रहा जनविश्वास : राव नरबीर सिंह
पलवल-फरीदाबाद के नजदीक की जा रही है आईएमटी बनाने की कोशिश, बोले उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह
हरियाणा सरकार में उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री तथा जिला लोक संपर्क एवं परिवाद निवारण समिति पलवल के अध्यक्ष राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आमजन को पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील शासन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
पलवल: हरियाणा सरकार में उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री तथा जिला लोक संपर्क एवं परिवाद निवारण समिति पलवल के अध्यक्ष राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आमजन को पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील शासन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में जिला लोक संपर्क एवं परिवाद निवारण समिति की बैठकें आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सरकार और जिला प्रशासन के समक्ष रखने और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम बन रही हैं।

जिला लोक संपर्क एवं परिवाद निवारण समिति पलवल के अध्यक्ष राव नरबीर सिंह की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को पलवल स्थित जिला सचिवालय सभागार में आयोजित बैठक में आमजन की कुल 15 शिकायतें सुनवाई के लिए प्रस्तुत की गईं। इनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निवारण कर दिया गया, जबकि शेष चार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में की गई त्वरित कार्रवाई सरकार की जनसमस्याओं के प्रति गंभीरता और प्रशासनिक संवेदनशीलता को दर्शाती है।

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि पलवल में 15 में से 11 शिकायतों का मौके पर समाधान किया जाना केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के प्रति सरकार की संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता और जवाबदेह प्रशासन का प्रभावी उदाहरण है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार का प्रयास है कि शासन का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक को न्याय, सुविधा एवं सम्मान के साथ सरकारी सेवाएं प्राप्त हों।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने नवल सिंह निवासी कुसलीपुर की शिकायत की सुनवाई करते हुए निर्देश दिए परिवादी की संतुष्टिï के लिए तारीख निर्धारित कर 10-10 व्यक्तियों को बुलाकर जिला सचिवालय में बैठक की जाए और समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने चरण सिंह सागर निवासी भमरोला की शिकायत की सुनवाई करते हुए पुलिस विभाग को परिवादी की शिकायत का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने उषा रानी निवासी वार्ड नंबर 29 की शिकायत की सुनवाई करते हुए कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद पलवल को प्रार्थी को प्रॉपटी आईडी की अपडेट प्रिंट कॉपी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत मर्रोली, सुरेंद्र कुमार बांस मोहल्ला पलवल, मंजू कुमारी गांव मंगोरका, निशा सेक्टर-2 पलवल, मुकेश कुमार व अन्य ग्रामवासी गांव धमाका, तारीफ हुसैन सरपंच ग्राम पंचायत मेह्लïूका, पवन भारद्वाज निवासी शिव कालोनी पलवल, रोहताश निवासी पलवल, नारायण सिंह निवासी सिविल लाइन पलवल, हाजी उमरदीन गांव चिल्ली, राजबीर सिंह रूहेला निवासी मोहन नगर पलवल और पूनम देवी की शिकायतों की सुनवाई की गई।
प्रत्येक शिकायत का तथ्यपरक, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान किया जाए सुनिश्चित : कैबिनेट मंत्री
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल शिकायत दर्ज करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक शिकायत का तथ्यपरक, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों या ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग में आने की आवश्यकता न पड़े। इसके लिए समाधान शिविरों सहित विभिन्न स्तरों पर शिकायतों का प्राथमिकता से निवारण किया जाए।
पलवल-फरीदाबाद के नजदीक की जा रही है आईएमटी बनाने की कोशिश : उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने पत्रकारों द्वारा पूछ गए एक प्रश्र का उत्तर देते हुए कहा कि सरकार की ओर से पलवल-फरीदाबाद के नजदीक आईएमटी बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा भी प्रदेश में 10 आईएमटी बनाने की घोषणा की थी और सरकार के घोषणा पत्र में भी संकल्प था कि प्रदेश में सरकार बनने पर 10 आईएमटी बनाई जाएंगी, जिसमें से 6 आईएमटी बनाने की घोषणा की जा चुकी है, जिसमें पलवल-फरीदाबाद आईएमटी भी शामिल है, जिसके लिए जमीन चिन्हित कर जानकारी दे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आईएमटी बनने से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
बैठक में पृथला से विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया, हथीन से विधायक मोहम्मद इसराइल, उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार, डीएमसी मनीषा शर्मा, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, एसडीएम हथीन हरिराम, नगराधीश प्रीति रावत, डीएसपी मनोज वर्मा, डीएसपी अनिल कुमार, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह दांगी, सहित समिति के अन्य सरकारी और गैर सरकारी सदस्य व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



