Faridabad News: विकसित भारत @2047 के संकल्प में युवा बनें सक्रिय भागीदार, जिला युवा अधिकारी

30 सितंबर तक चलेगी 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' क्विज, 15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे हिस्सा

Desh Rojana
On

विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने तथा देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' क्विज अब 'माय भारत' पोर्टल पर लाइव हो गई है। 

फरीदाबाद: विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने तथा देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' क्विज अब 'माय भारत' पोर्टल पर लाइव हो गई है। यह जानकारी जिला युवा अधिकारी प्रियंका दलाल ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों को दी। उन्होंने जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं से आह्वान किया कि वे इस क्विज में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन करें। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विस्तार से जानकारी देते हुए जिला युवा अधिकारी ने बताया कि यह केवल एक क्विज प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि युवाओं को अपनी सोच, विजन, नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

WhatsApp Image 2026-09-11 at 1.50.14 AM (1)

उन्होंने बताया कि विकसित भारत चैलेंज ट्रैक को पांच चरणों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम चरण में क्विज 17 अगस्त से 30 सितम्बर 2026 तक आयोजित हो रही है। इसके बाद चयनित युवा द्वितीय चरण में निबंध लेखन, तृतीय चरण में जिला चैंपियनशिप तथा चतुर्थ चरण में राज्य स्तरीय VBYLD (PPT) में भाग लेंगे। इन चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण राष्ट्रीय संवाद होगा, जिसका आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से मिलने का अवसर मिलेगा तथा वे प्रधानमंत्री जी के समक्ष विकसित भारत से जुड़े अपने विचार, विजन एवं सुझाव प्रस्तुत कर सकेंगे। यह अवसर युवाओं के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ संवाद करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को सामने रखने का महत्वपूर्ण मंच होगा।

जिला युवा अधिकारी ने कहा कि युवाओं की रचनात्मक सोच, ज्ञान, नवाचार और नेतृत्व क्षमता ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की कि वे माय भारत पोर्टल पर VBYLD क्विज में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा आगामी चरणों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में देश की युवा शक्ति की भूमिका निर्णायक है। VBYLD के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ देश के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad