Gurugram News: गुरुग्राम में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, एक सप्ताह में 19,239 चालान
1.63 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना; एनएच-48 और द्वारका एक्सप्रेसवे पर लेन बदलने और ओवरस्पीडिंग पर कैमरों से नजर
शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है।
गुरुग्राम: शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। 31 अगस्त से 6 सितंबर तक एक सप्ताह में यातायात पुलिस ने कुल 19,239 चालान किए। इनमें मैदानी स्तर पर किए गए 10,534 चालान शामिल हैं, जिनसे 1 करोड़ 63 लाख 74 हजार 400 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

यातायात पुलिस के मुताबिक, सड़क पर की गई कार्रवाई में सबसे अधिक चालान लेन बदलने के मामलों में हुए। इसके अलावा रॉन्ग साइड ड्राइविंग, हेल्मेट और सीट बेल्ट नहीं लगाने, गलत पार्किंग, शराब पीकर वाहन चलाने और खतरनाक यू-टर्न लेने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
लेन बदलने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
मैदानी स्तर पर किए गए 10,534 चालानों में लेन बदलने के 1,626, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 897 और पिलियन राइडर के बिना हेल्मेट के 816 चालान किए गए। ड्राइवर द्वारा हेल्मेट नहीं पहनने के 772, गलत पार्किंग के 743 और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने के 309 चालान किए गए।
इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने के 216, खतरनाक यू-टर्न के 137 और ट्रिपल राइडिंग के 132 मामले भी पकड़े गए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले 23 वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
कैमरों से 8,705 चालान
यातायात पुलिस ने कैमरों के जरिए भी नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की। इस अवधि में 8,705 चालान कैमरों के माध्यम से किए गए। इनमें नो एंट्री के 3,550 और लेन बदलने के 3,462 चालान शामिल हैं।
कैमरों से ओवरस्पीडिंग के 375, ड्राइवर के बिना सीट बेल्ट के 438, प्रदूषण से जुड़े 473, पिलियन राइडर के बिना हेल्मेट के 140 और ड्राइवर के बिना हेल्मेट के 156 चालान किए गए। फ्रंट पैसेंजर के सीट बेल्ट नहीं लगाने के 76 तथा ट्रिपल राइडिंग के सात मामले भी कैमरों में दर्ज हुए।
एनएच-48 और द्वारका एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए एनएच-48, द्वारका एक्सप्रेसवे और मुंबई एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यातायात पुलिस के अनुसार, एनएचएआई के कैमरों और ड्रोन तकनीक की मदद से लेन बदलने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
12 स्थानों पर चलाया जागरूकता अभियान
चालान के साथ-साथ यातायात पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया। सुरक्षा रथ के माध्यम से 12 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 310 से अधिक नागरिकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
लोगों को अपनी लेन में वाहन चलाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, हेल्मेट और सीट बेल्ट लगाने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रमों में आपात स्थिति में डायल-112 और यातायात हेल्पलाइन नंबर 1095 की जानकारी भी दी गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



