इंसाफ नहीं मिला तो पहले मेरी बेटियां मरेंगी, फिर मैं” - गुरुग्राम थाने के बाहर महिला की दिल दहला देने वाली गुहार

Desh Rojana
On

गुरुग्राम में एक 26 वर्षीय महिला ने पति और ससुरालवालों पर बेटा न होने को लेकर मारपीट, प्रताड़ना और घर से निकालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। दो बेटियों के साथ सेक्टर-10 थाने पहुंची महिला ने सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हरियाणा के गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 26 वर्षीय महिला ने अपने ससुरालवालों और पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि बेटा न होने के कारण उसे लगातार ताने दिए गए, मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया और अंत में घर से बाहर निकाल दिया गया।

पीड़िता मंगलवार देर रात अपनी दो मासूम बेटियों को साथ लेकर सेक्टर-10 थाने पहुंची। थाने के बाहर रोते हुए महिला ने कहा, “मैं सिर्फ 26 साल की हूं। मेरी दोनों बेटियां ऑपरेशन से हुई हैं। अगर मुझे इंसाफ नहीं मिला तो पहले मेरी दोनों बच्चियां मरेंगी, फिर मैं मरूंगी। मैं अपने बच्चों को छोड़कर नहीं जाऊंगी। वो गंदा आदमी है।

3a648473-006c-49ac-ada6-933a0c0068dcयह मामला दिल्ली के पहाड़गंज की रहने वाली मानसी से जुड़ा है, जिसकी शादी 3 फरवरी 2020 को गुरुग्राम के खांडसा निवासी ट्रांसपोर्टर मोहित गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद मानसी ने दो बेटियों को जन्म दिया। बड़ी बेटी की उम्र पांच साल और छोटी की उम्र तीन साल है। आरोप है कि बेटियों के जन्म के बाद से ही ससुराल वालों का रवैया पूरी तरह बदल गया और उसे बेटा न होने के ताने देकर प्रताड़ित किया जाने लगा।

मानसी का कहना है कि ससुराल से निकाले जाने के बाद वह पति के साथ खांडसा में किराए के मकान में रहने लगी, लेकिन वहां भी उसकी जिंदगी नरक बन गई। आरोप है कि पति अक्सर शराब के नशे में घर आता है और बिना किसी वजह के उसके साथ मारपीट करता है। मंगलवार रात भी पति ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया।

महिला ने अपने सास-ससुर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि सास-ससुर लगातार पति को उसके खिलाफ भड़काते हैं और कहते हैं कि उसे घर से निकाल दो क्योंकि वह बेटा पैदा नहीं कर सकी। पीड़िता का दावा है कि ससुराल वाले पति की दूसरी शादी कराने की तैयारी कर रहे हैं। इतना ही नहीं, मानसी ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष दहेज कानून से बचने के लिए साजिश रच रहा है और यह कहा जा रहा है कि शादी के सात साल पूरे होते ही उसे हमेशा के लिए घर से निकाल दिया जाएगा, ताकि वह दहेज उत्पीड़न का सख्त मामला दर्ज न करा सके।

पीड़िता ने बताया कि उसने पहले भी पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत दी थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार देर रात घर से निकाले जाने के बाद वह सीधे सेक्टर-10 थाने पहुंची। पुलिस ने महिला की शिकायत सुनने के बाद उसी रात उसका मेडिकल करवाया और उसे सुरक्षित घर पहुंचाया।

सेक्टर-10 थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि मामला पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा है। महिला की शिकायत दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आरोपों के संबंध में पति से पूछताछ करेगी और सबूतों  के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad