साइबर ठगी का भंडाफोड़, आर्मी अधिकारी बनकर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
जिला पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जो अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बनाकर ऑनलाइन ठगी कर रहे थे।
नूंह: जिला पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जो अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बनाकर ऑनलाइन ठगी कर रहे थे। पहले मामले में पुलिस चौकी जयसिंहपुर की टीम ने साइबर पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर नूंह-होडल रोड स्थित ठेकड़ाका क्षेत्र से कैफ मोहम्मद निवासी जिला डीग राजस्थान को काबू किया। जांच के दौरान उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप पर इंडियन आर्मी के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर आरबीआई के नाम पर ऑडियो और संदेश भेजकर लोगों को झांसे में लेता था तथा कियूआर कोड और ऑनलाइन पेमेंट के माध्यम से ठगी करता था। तकनीकी जांच में यह भी सामने आया कि उसके इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर से जुड़े महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में भी साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं।

वहीं दूसरी कार्रवाई में तावडू सीआईए की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हर्बल पार्क, पल्ला पहाड़ क्षेत्र से दिलशाद निवासी तावडू को गिरफ्तार किया। यह आरोपी खुद को आर्मी अधिकारी बताकर ऑनलाइन हरी सब्जियों की खरीद के नाम पर व्यापारियों को झांसा देता था और उनसे पैसे ठगता था। उसके कब्जे से बरामद मोबाइल फोन की जांच में फर्जी आर्मी पहचान पत्र विनय सिंह इंडियन आर्मी नाम से व्हाट्सएप प्रोफाइल, संदिग्ध चैट और कॉल रिकॉर्ड मिले हैं। साथ ही उसके मोबाइल नंबर के खिलाफ पश्चिम बंगाल में कई साइबर ठगी की शिकायतें भी दर्ज पाई गई हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। नूंह प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, बार कोड या ऑनलाइन भुगतान अनुरोध पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना साइबर हेल्पलाइन पर दें।




