Nuh Mewat News: युवाओं की ताकत से ही बनेगा विकसित और खुशहाल भारत : शाहिद अख्तर

लघु सचिवालय स्थित सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों व शिक्षाविदों के साथ किया संवाद

Desh Rojana
On

भारत सरकार के राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष शाहिद अख्तर ने शनिवार को नूंह दौरे के दौरान लघु सचिवालय स्थित सभागार में युवाओं, शिक्षाविदों एवं अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया।

नूंह: भारत सरकार के राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष शाहिद अख्तर ने शनिवार को नूंह दौरे के दौरान लघु सचिवालय स्थित सभागार में युवाओं, शिक्षाविदों एवं अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत उसके युवा हैं और शिक्षा ही तरक्की व खुशहाली का सबसे बड़ा माध्यम है।IMG-20260524-WA0097
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के साथ अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों की बैठक में मुस्लिम, क्रिश्चियन, सिख, बौद्ध, पारसी और जैन समुदायों द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय की आबादी अधिक होने के बावजूद शैक्षणिक संस्थानों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। ऐसे में समुदाय को आगे आकर अधिक से अधिक शिक्षण संस्थान स्थापित करने चाहिए, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। 
शाहिद अख्तर ने स्थानीय सर्किट हाउस में मेवात के युवाओं के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम में कहा कि युवाओं को दीनी और दुनियावी दोनों प्रकार की शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए। दीनी तालीम इंसान को बेहतर इंसान बनाती है, जबकि दुनियावी तालीम तरक्की और खुशहाली का रास्ता खोलती है। उन्होंने युवाओं से कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही देश और समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि कुरान शरीफ जीवन जीने का मुकम्मल मार्गदर्शन देती है और युवाओं को दीन को सही तरीके से समझने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने सर सैयद अहमद खान और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन को आदर्श मानने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम ने यह साबित किया कि साधारण पृष्ठभूमि से आने वाला व्यक्ति भी देश के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है और सभी समुदायों में सम्मान प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने युवाओं को नशा मुक्त रहने का संदेश देते हुए कहा कि नशा परिवार, समाज और राष्ट्र तीनों को कमजोर करता है। उन्होंने मेवात क्षेत्र में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाने और काउंसलिंग सेंटर स्थापित करने की आवश्यकता बताई।
इसके साथ ही उन्होंने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई और पाकीजगी को इस्लाम में ईमान का हिस्सा बताया गया है, इसलिए युवाओं को स्वच्छ भारत अभियान से जुड़कर अपने गांव, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में योगदान देना चाहिए।
शाहिद अख्तर ने युवाओं से अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील करते हुए कहा कि ग्लोबल वार्मिंग आज पूरी दुनिया के लिए चुनौती बन चुकी है। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मेवात की धरती ने हमेशा देशहित में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और यहां के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं। यदि युवा शिक्षा, भाईचारे, वैज्ञानिक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ आगे बढ़ें, तो मेवात से भी अनेक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम निकल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना पर विश्वास करता है और सभी धर्मों व समुदायों का सम्मान करता है। युवाओं को देश की सांस्कृतिक विरासत, एकता और विविधता को समझते हुए आपसी भाईचारे और अमन कायम रखने में भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग एक सलाहकार और अनुशंसा करने वाली संस्था है तथा युवाओं और शिक्षण संस्थानों से प्राप्त सुझावों को राज्य और केंद्र सरकार तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि मेवात में युवाओं के साथ हुआ यह संवाद आने वाले समय में सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त अखिल पिलानीे, एसडीएम नूंह कंवर आदित्य विक्रम, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा व समाज कल्याण अधिकारी विरेंद्र यादव सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad