परिवार पहचान पत्र से संबंधित त्रुटियों को समयबद्ध तरीके से किया जाए दुरुस्त :डा.सतीश खोला

स्टेट कोऑर्डिनेटर डा. सतीश खोला ने समाधान शिविर में की परिवार पहचान पत्र से संबंधित शिकायतों की समीक्षा

Desh Rojana
On

परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डा. सतीश खोला ने सोमवार को पलवल स्थित जिला सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर का दौरा कर परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से संबंधित समस्याओं की समीक्षा की।

पलवल:परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डा. सतीश खोला ने सोमवार को पलवल स्थित जिला सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर का दौरा कर परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से संबंधित समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान समाधान शिविर में पहुंचे नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ लेने में अनावश्यक देरी न हो और परिवार पहचान पत्र से संबंधित त्रुटियों को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त किया जाए।

01
समाधान शिविर में जन शिकायतें सुनते हुए उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ व परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डा. सतीश खोला।

मुख्यालय के अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर निपटाएं लंबित मामले : डा. सतीश खोला
स्टेट कोऑर्डिनेटर डा. सतीश खोला ने समाधान शिविर में विभिन्न मामलों की जांच करते हुए अधिकारियों से कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उन्हें उच्च अधिकारियों से बातचीत कर तत्काल प्रभाव से निपटाया जाए। वहीं जिन मामलों में तकनीकी या नीतिगत स्तर पर हस्तक्षेप की आवश्यकता है, उन्हें तुरंत चंडीगढ़ मुख्यालय भेजकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यालय के अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
परिवार पहचान पत्र डेटा में किसी भी प्रकार की त्रुटि को तुरंत करें अपडेट : डा. सतीश खोला
स्टेट कोऑर्डिनेटर डा. खोला ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को मौके पर ही सुनकर समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परिवार पहचान पत्र डेटा में किसी भी प्रकार की त्रुटि को तुरंत अपडेट किया जाए ताकि पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। समाधान शिविर के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि कुछ जटिल मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए चिन्हित किया गया।
डा. सतीश खोला ने कहा कि समाधान शिविरों की प्रगति की नियमित रूप से मॉनिटरिंग और समीक्षा की जा रही है और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं साप्ताहिक रिपोर्ट ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का रिकॉर्ड रखा जाए और तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।


Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad