Palwal News : गांव सोलड़ा की हरिजन चौपाल में लीगल एड क्लीनिक एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पलवल की ओर से दिनांक 24 मई 2026 को गांव सोलड़ा की हरिजन चौपाल में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक लीगल एड क्लीनिक एवं विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
पलवल : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पलवल की ओर से दिनांक 24 मई 2026 को गांव सोलड़ा की हरिजन चौपाल में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक लीगल एड क्लीनिक एवं विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। 
यह कार्यक्रम चेयरपर्सन राज गुप्ता, जिला एवं सत्र न्यायाधीश, पलवल के मार्गदर्शन तथा सचिव हरीश गोयल के निर्देशन में आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता, सरकारी योजनाओं तथा उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एडवोकेट संजय सिंह वर्मा (बामणी खेड़ा) एवं नरेंद्र कुमार (PLV) ने उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों, लोक अदालत, निःशुल्क विधिक सहायता एवं नालसा/हालसा की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। एडवोकेट संजय सिंह वर्मा (बामणी खेड़ा) ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, अनुसूचित जाति वर्ग, श्रमिकों एवं आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को मुफ्त कानूनी सहायता एवं अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाते हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, अवैध कूड़ा निस्तारण से होने वाले नुकसान तथा सामाजिक जागरूकता से संबंधित विषयों पर भी जानकारी दी गई। एडवोकेट संजय सिंह वर्मा (बामणी खेड़ा) ने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है और जागरूक समाज ही मजबूत समाज का निर्माण करता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी कानूनी समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करें और उपलब्ध निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठाएं। इस अवसर पर गांव सोलड़ा के ग्रामीण महेंद्र सिंह भाटी, राम पाल भाटी, सुमेर सिंह, मोहर पाल, यशवंत, चरण सिंह, राधे लाल, कुमार पाल, नरेश, बहादुर सिंह, ओम पाल, देवेंद्र, रोहित, बाबू लाल सहित अन्य ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उपस्थित ग्रामीणों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पलवल के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे जागरूकता शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि गांव सोलड़ा की हरिजन चौपाल में स्थापित लीगल एड क्लीनिक में प्रत्येक रविवार एवं बुधवार को कानूनी सहायता प्रदान करने हेतु नियुक्त अधिवक्ता उपस्थित रहेंगे, जहां ग्रामीण अपनी समस्याओं के संबंध में निःशुल्क कानूनी परामर्श प्राप्त कर सकेंगे। यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को न्याय एवं कानूनी सहायता सुलभ कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




