Narnaul News: हरियाणा उदय अभियान: नारनौल में 9 अगस्त को होगी हाफ मैराथन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि
हाफ मैराथन को लेकर नागरिकों में जोश, अब तक 31 हजार पंजीकरण, डीसी अनुपमा अंजली ने की समीक्षा बैठक
सामुदायिक पुलिसिंग और आउटरीच कार्यक्रम के तहत आगामी 9 अगस्त को नारनौल शहर में होने वाली हाफ मैराथन को लेकर उपायुक्त अनुपमा अंजली ने मंगलवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक ली।
नारनौल। सामुदायिक पुलिसिंग और आउटरीच कार्यक्रम के तहत आगामी 9 अगस्त को नारनौल शहर में होने वाली हाफ मैराथन को लेकर उपायुक्त अनुपमा अंजली ने मंगलवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक ली। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

डीसी ने कहा कि हरियाणा उदय अभियान को सफल बनाने और मुख्यमंत्री के जनभागीदारी संकल्प के अनुरूप इसमें आम पब्लिक की ज्यादा से ज्यादा हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस हाफ मैराथन को लेकर नागरिकों में पूरा जोश है। अभी तक 31 हजार से अधिक नागरिकों ने इसके लिए पंजीकरण करवाया है। डीसी ने कहा कि इस आयोजन को पूरी सादगी और अनुशासन के साथ एक बड़े जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य इस पूरे कार्यक्रम को आम नागरिकों से जोड़ना है। इस मैराथन को पूरी तरह से जनता का अपना कार्यक्रम बनाया जाएगा।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाफ मैराथन रूट की सड़कों की समय पर मरम्मत, सफाई व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, रूट पर पेयजल व चिकित्सा सहायता केंद्रों की स्थापना और एम्बुलेंस की तैनाती जैसे सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को इससे जोड़ा जा रहा है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय स्कूलों, कॉलेजों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, सामाजिक संस्थाओं और रनर्स क्लबों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित किया जाए ताकि युवाओं और आम जनता की उपस्थिति ऐतिहासिक हो। कार्यक्रम को सुचारू रूप से चलाने के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों को भी तैनात किया जाएगा।
आम नागरिकों की सुविधा और मैराथन में पंजीकरण को सुगम बनाने के लिए प्रशासन द्वारा डिजिटल लिंक और क्यूआर कोड जारी किया गया है। कोई भी व्यक्ति इस लिंक पर क्लिक करके या क्यूआर कोड को स्कैन करके घर बैठे अपना पंजीकरण आसानी से करवा सकता है।
उन्होंने सभी नागरिकों, युवाओं और प्रबुद्ध जनों से अपील की है कि वे इस मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लें और मुख्यमंत्री की उपस्थिति में होने वाले इस गरिमामयी कार्यक्रम में अपनी सक्रिय जनभागीदारी दर्ज कराएं। इस बैठक में बीजेपी के जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव ने आश्वासन दिया कि उनके संगठन की ओर से इसमें हजारों नागरिकों की भागीदारी रहेगी।
इस बैठक में एडीसी तरुण कुमार पावरिया, एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, एसडीएम महेंद्रगढ़ योगेश सैनी, डीएमसी रणवीर सिंह, सचिव आरटीए मनोज कुमार, नगराधीश डॉ. मंगलसेन तथा डीएसपी भारत भूषण के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



