Nuh Mewat News: नूंह में भाजपा की 144 शक्ति केंद्रों पर टिफिन बैठकें, बूथ संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प
कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म, 'मन की बात', सरकार की योजनाओं और बूथ सशक्तिकरण का दिया गया प्रशिक्षण, घर-घर तक संगठन विस्तार का आह्वान
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से नूंह जिले में व्यापक स्तर पर टिफिन बैठकों का आयोजन किया।
नूंह: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से नूंह जिले में व्यापक स्तर पर टिफिन बैठकों का आयोजन किया। पिछले दो दिनों से पूरे हरियाणा में चल रहे इस अभियान के तहत नूंह जिले के 144 शक्ति केंद्रों पर एक साथ टिफिन बैठकें आयोजित की गईं और सभी कार्यकर्ताओं ने शक्ति केंद्र पर बैठकर आपस में खाना खाया, जिनमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन विस्तार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

जिला मीडिया प्रभारी जतिन बुसरी ने बताया कि जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक शक्ति केंद्र पर आयोजित बैठकों में शक्ति केंद्र के अंतर्गत पड़ने वाले संबंधित बूथों के कार्यकर्ताओं को एक मंच पर एकत्रित किया गया।
इस दौरान वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन साझा कर आत्मीय संवाद किया और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिए मार्गदर्शन दिया। जिला अध्यक्ष से लेकर पार्टी का प्रत्येक वरिष्ठ कार्यकर्ता वक्ता के रूप में अलग अलग शक्ति केंद्र पर इस टिफिन बैठक को लेने पहुंचा। उन्होंने बताया कि इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली तथा केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था। साथ ही कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें बूथ स्तर पर अधिक सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठकों में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म , मोदी जी के मन की बात कार्यक्रम, बूथ कार्यकारिणी, SIR तथा बूथ पर होने वाले कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी गई. सरल एप के माध्यम से पार्टी के डिजिटल संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने की भी जानकारी दी गई। पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम 'मन की बात' के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा केंद्र और हरियाणा सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रत्येक शक्ति केंद्र के अंतर्गत आने वाले बूथों की समितियों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। प्रत्येक बूथ पर 25-25 कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने की रणनीति बनाई गई, ताकि पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और योजनाओं का लाभ हर परिवार तक पहुंचाया जा सके।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर सभी शक्ति केंद्रों पर बूथों के काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.

About The Author
संबंधित समाचार



