Nuh Mewat News: डीसी ने नूंह जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति से मुख्य चुनाव अधिकारी को कराया अवगत
जिले में गणना (इन्यूमरेशन) चरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा बीएलओ द्वारा प्राप्त प्रपत्रों का सत्यापन निरंतर किया जा रहा है
मुख्य चुनाव अधिकारी हरियाणा ए श्रीनिवासन ने मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की प्रगति की समीक्षा के लिए प्रदेश के सभी उपायुक्तों, अतिरिक्त उपायुक्तों, जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की।
नूंह: मुख्य चुनाव अधिकारी हरियाणा ए श्रीनिवासन ने मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की प्रगति की समीक्षा के लिए प्रदेश के सभी उपायुक्तों, अतिरिक्त उपायुक्तों, जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी ने नूंह जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अब तक की गई प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों नूंह, फिरोजपुर झिरका तथा पुन्हाना में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले में गणना (इन्यूमरेशन) चरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा बीएलओ द्वारा प्राप्त प्रपत्रों का सत्यापन निरंतर किया जा रहा है। वर्तमान में केवल एक ऑनलाइन आवेदन का सत्यापन लंबित है।
उन्होंने बताया कि जिले के कुल 6,59,697 मतदाताओं में से 72,050 एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट) मामलों की पहचान की गई है, जो कुल मतदाताओं का 10.92 प्रतिशत है। इनमें 19,402 अनुपस्थित, 26,749 स्थानांतरित, 17,484 मृत, 7,773 डुप्लीकेट तथा 642 अन्य श्रेणी के मामले शामिल हैं। इन मामलों का सत्यापन बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों द्वारा किया जा रहा है।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि जिले के सभी प्रमुख मतदाताओं का सत्यापन पूर्ण कर लिया गया है तथा निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों द्वारा सभी मामलों का प्रमाणीकरण भी कर दिया गया है।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अतिरिक्त सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के अधिकार क्षेत्र का निर्धारण, प्रशिक्षण तथा कार्यालय संबंधी व्यवस्थाओं की प्रक्रिया भी संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के स्तर पर जारी है। इनके कार्यालयों, कार्यक्षेत्र, समय तथा संपर्क विवरण के व्यापक प्रचार-प्रसार की कार्यवाही भी प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन की सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से की जा रही हैं। एएसडीडी सूची सभी निर्धारित स्थानों पर प्रदर्शित कर दी गई है। बीएलओ को प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए आवश्यक संख्या में प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 तथा प्रपत्र-8 उपलब्ध करा दिए गए हैं तथा अतिरिक्त प्रपत्रों की आवश्यकता नहीं है।
उपायुक्त ने बताया कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की आवश्यकता का परीक्षण निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी स्तर पर किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त जिन मामलों में एक ही परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची के विभिन्न भागों अथवा अलग-अलग मतदान केंद्रों में दर्ज हैं, उनकी पुनः क्रम संख्या निर्धारण (री-सीरियलाइजेशन) की प्रक्रिया भी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी स्तर पर की जा रही है।
मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीनिवासन ने बैठक में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रत्येक चरण को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जाए, ताकि आगामी चुनावों के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके। इस अवसर पर एसडीएम नूंह कंवर आदित्य विक्रम, एसडीएम पुनहाना अमित गुलिया, नगराधीश अप्रितम सिंह साहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author
संबंधित समाचार



