Nuh Mewat News: दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे से सटे गांवों में ट्रैफिक जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
जिले की ट्रैफिक थाना पुलिस ने दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे के साथ लगते गांवों में विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित किया।
नूंह। जिले की ट्रैफिक थाना पुलिस ने दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे के साथ लगते गांवों में विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित किया।अभियान का मुख्य उद्देश्य एक्सप्रेसवे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और अवैध पार्किंग जैसी खतरनाक गतिविधियों पर अंकुश लगाना रहा।
मांडीखेड़ा ट्रैफिक थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार और उप-निरीक्षक बाबूलाल के नेतृत्व में खानपुर घाटी, खानपुर घाटी महुं पुल सहित एक्सप्रेसवे से सटे विभिन्न गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान गांवों के सरपंचों, गणमान्य व्यक्तियों तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा दिल्ली मुंबई वडोदरा हाईवे पर गाड़ी खड़ी ने करने का संदेश दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अभियान के दौरान लोगों को विशेष रूप से अवैध पार्किंग से बचने की सलाह दी गई। बताया गया कि एक्सप्रेस-वे और फ्लाईओवर के आसपास होटल, ढाबों और पंचर की दुकानों के निकट वाहन खड़े करने के कारण कई बार गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में पुलिस द्वारा अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।
गौरतलब है कि 16 जून को आयोजित रोड सेफ्टी बैठक में जिला उपायुक्त ने भी दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे के किनारे बसे गांवों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। बैठक में कहा गया था कि ग्रामीणों को हाईवे और फ्लाईओवर के आसपास वाहन खड़ा करने से होने वाले खतरों के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इसी क्रम में ट्रैफिक थाना मांडीखेड़ा, नूंह पुलिस की टीम ने विभिन्न फ्लाईओवरों और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को समझाया कि वे ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें जो सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



