Palwal News : जिला के प्रत्येक युवा का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराकर जिला पलवल को लाएं नंबर वन पर : उपायुक्त
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने मेरा युवा भारत केंद्र की जिला सलाहकार समिति की बैठक में दिए निर्देश
मेरा युवा भारत केंद्र पलवल द्वारा बृहस्पतिवार को जिला सचिवालय पलवल के सभागार में उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन किया गया।
पलवल। मेरा युवा भारत केंद्र पलवल द्वारा बृहस्पतिवार को जिला सचिवालय पलवल के सभागार में उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में आयोजित होने वाले यूथ कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, विभिन्न विभागों के समन्वय तथा आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से माय भारत पोर्टल से संबंधित गतिविधियों बारे विस्तार से जानकारी दी। 
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बैठक में माय भारत पोर्टल पर 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे विशेष पंजीकरण ड्राइव की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला के प्रत्येक युवा का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराकर पलवल जिला को टॉप स्थान पर लेकर आने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष पंजीकरण ड्राइव के तहत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने इसके लिए माय भारत नोडल अधिकारी नियुक्त करने के साथ-साथ कैंपस ब्रांड एंबेसडर और यूथ एंबेसडर बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग माय भारत पोर्टल पर ऑनबोर्ड करें। उन्होंने कहा हम सबको मिलकर युवाओं को उनकी सांस्कृतिक जड़ों से जोडऩा होगा।
उपायुक्त ने बैठक में शिक्षण संस्थानों और विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए माय भारत नोडल अधिकारी एवं माय भारत युवा एंबेसडर की समयबद्ध नियुक्ति पर भी चर्चा की। उन्होंने जिला युवा अधिकारी को जिला पलवल में भी युवाओं से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करवाने के निर्देश दिए। बैठक में अगस्त 2026 से शुरू होने वाली विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग प्रश्रोतरी प्रतियोगिता में जिला पलवल की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के तहत चयनित युवाओं 12 जनवरी 2027 को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जिला में इएलपी के प्रभावी क्रियान्वयन, युवाओं की सहभागिता बढ़ाने, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं अन्य शिक्षण संस्थानों को माय भारत पोर्टल से जोड़ने तथा माय भारत पोर्टल का व्यापक पर प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी उपमा अरोड़ा, जिला रोजगार अधिकारी शक्ति पाल सिंह, जिला शिक्षा विभाग से सहायक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जसबीर सिंह तेवतिया सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



