Narnaul News: दुष्यंत चौटाला महेंद्रगढ़ के कई गांवों का दौरा कर शोकाकुल परिवारों से मिले, किसानों और युवाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरा
जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को जिला महेंद्रगढ़ के अनेक गांवों का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम परिवारों के सुख-दुख में भागीदारी निभाई।
नारनौल: जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को जिला महेंद्रगढ़ के अनेक गांवों का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम परिवारों के सुख-दुख में भागीदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि जननायक जनता पार्टी का रिश्ता जनता से केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज प्रदेश की सरकार जनसमस्याओं का समाधान करने के बजाय प्रचार में अधिक व्यस्त दिखाई देती है, जबकि किसान, युवा और आम नागरिक अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

दौरे के दौरान श्री दुष्यंत चौटाला अटेली हल्के के गांव बोचड़िया पहुंचे, जहां नांगल चौधरी से पूर्व प्रत्याशी राव ओमप्रकाश इंजीनियर की माता के निधन पर उनके फार्म हाउस जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि मां का स्नेह और संस्कार जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं और उनका जाना अपूरणीय क्षति है। इसके बाद वे गांव सैदपुर पहुंचे, जहां पुलिस भर्ती के दौरान असामयिक निधन का शिकार हुए युवा कपिल कुमार के परिवार से मिलकर गहरा दुख व्यक्त किया। इसके उपरांत गांव दुलोठ जाट में पूर्व सरपंच एवं महिला हल्का प्रधान अंजू चौधरी के निवास पर आयोजित "चाय पर चर्चा" कार्यक्रम में ग्रामीणों से संवाद करते हुए श्री चौटाला ने कहा कि प्रदेश का किसान बढ़ती लागत, फसलों की समस्याओं और आर्थिक दबाव से जूझ रहा है, जबकि युवा रोजगार की चिंता में है।
.jpeg)
इसके बाद उन्होंने गांव खायरा पहुंचकर अमीलाल बोहरा एवं रण सिंह के निधन पर उनके परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। दौरे के अंतिम चरण में दुष्यंत चौटाला गांव सोहड़ी पहुंचे, जहां पूर्व हल्का प्रधान रतन सिंह के शहीद पोते शहीद शंकरलाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उनके परिवारों के सम्मान और सहयोग से होना चाहिए।
श्री चौटाला ने कहा कि जननायक जनता पार्टी जनता के बीच रहकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी। इस अवसर पर पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।




