Nuh Mewat News: मेधावी विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर, एमडीए शुरू करेगा निःशुल्क आवासीय चिकित्सा एवं अभियंत्रण प्रवेश परीक्षा कोचिंग कार्यक्रम : उपायुक्त
क्लास-24 संस्थान के माध्यम से किया जाएगा कोचिंग कार्यक्रम का संचालन
उपायुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मेवात विकास अभिकरण अखिल पिलानी ने बताया कि मेवात क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की चिकित्सा एवं अभियंत्रण प्रवेश परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेवात विकास अभिकरण द्वारा निःशुल्क आवासीय कोचिंग कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।
नूंह: उपायुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मेवात विकास अभिकरण अखिल पिलानी ने बताया कि मेवात क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की चिकित्सा एवं अभियंत्रण प्रवेश परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेवात विकास अभिकरण द्वारा निःशुल्क आवासीय कोचिंग कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर मार्गदर्शन तथा प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि इस कोचिंग कार्यक्रम का संचालन क्लास-24 संस्थान के माध्यम से किया जाएगा। विद्यार्थियों के चयन के लिए 12 जुलाई, 2026 को राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मढ़ी में स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए वही विद्यार्थी पात्र होंगे जो वर्तमान में बारहवीं कक्षा (विज्ञान संकाय) में अध्ययनरत हों, दसवीं कक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हों तथा जिला नूंह अथवा हथीन खंड (जिला पलवल) के निवासी हों। अखिल पिलानी ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग, निःशुल्क आवासीय सुविधा, शैक्षणिक मार्गदर्शन तथा परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे चिकित्सा एवं अभियंत्रण प्रवेश परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने पात्र विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए समय रहते पंजीकरण कराएं तथा निर्धारित तिथि पर स्क्रीनिंग परीक्षा में भाग लें। उन्होंने कहा कि मेवात के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने के लिए जिला प्रशासन और मेवात विकास अभिकरण निरंतर प्रयासरत हैं।




