Nuh Mewat News: भारत के मुख्य न्यायाधीश 12 जुलाई को तावडू व पुन्हाना में बनने वाले न्यायिक परिसरों का करेंगे शिलान्यास

उपायुक्त अखिल पिलानी ने समारोह के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

Desh Rojana
On

उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। 

नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 12 जुलाई को भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत के उपमंडल तावड़ू में दौरे तथा उपमंडल तावडू व पुन्हाना में बनने वाले नए न्यायिक परिसरों के शिलान्यास समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ड्यूटियां एवं जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग 11 जुलाई तक अपनी समस्त तैयारियां एवं आवश्यक प्रबंध हर हाल में पूर्ण कर लें, ताकि कार्यक्रम गरिमापूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
WhatsApp Image 2026-07-07 at 11.07.35 PM
 
उपायुक्त ने कहा कि तावडू एवं पुन्हाना में आधुनिक न्यायिक परिसरों का निर्माण जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इन परिसरों के निर्माण से न्यायिक अवसंरचना और अधिक सुदृढ़ होगी तथा क्षेत्र के नागरिकों को न्यायिक सेवाएं अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सुगम रूप से उपलब्ध हो सकेंगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त न्यायिक परिसर न्यायिक कार्यों के बेहतर संचालन में सहायक सिद्ध होंगे तथा आमजन को न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया और अधिक सुविधाजनक बनेगी। उन्होंने कहा कि भारत के मुख्य न्यायाधीश के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक एवं पुख्ता प्रबंध किए जाएं। पुलिस विभाग कार्यक्रम स्थल एवं उसके आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करे। प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सुरक्षा जांच, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर आमंत्रित अतिथियों, न्यायपालिका के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के लिए समुचित बैठक व्यवस्था की जाए। साथ ही पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता, अग्निशमन तथा अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं की भी पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। नोडल अधिकारी प्रत्येक व्यवस्था की नियमित निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में उपायुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि समारोह स्थल एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा जारी किए गए रूट प्लान एवं पार्किंग योजना का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन तथा आमंत्रित अतिथियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डा. अर्पित जैन, एएसपी वाईवीआर शशी शेखर, जिला नगर आयुक्त दलबीर सिंह फौगाट, एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार गुलिया, एसडीएम तावड़ू जितेंद्र गर्ग, एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण, एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, सीटीएम अप्रीतम सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad