Hisar News: दुष्यंत चौटाला की पहल से बिठमड़ा व सुरेवाला को मिला भाखड़ा नहर का पेयजल : अनिल बालकिया
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने तीन वर्ष पहले स्वीकृत करवाई थी करीब 8 करोड़ रुपये की परियोजना,अब दोनों गांवों तक पहुंचा भाखड़ा का पानी
जननायक जनता पार्टी के हिसार जिला अध्यक्ष अनिल बालकिया ने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की पहल और प्रयासों के कारण उकलाना हलके के गांव बिठमड़ा और सुरेवाला के ग्रामीणों का वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है।
हिसार: जननायक जनता पार्टी के हिसार जिला अध्यक्ष अनिल बालकिया ने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की पहल और प्रयासों के कारण उकलाना हलके के गांव बिठमड़ा और सुरेवाला के ग्रामीणों का वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है। अब दोनों गांवों के लोगों को भाखड़ा नहर का स्वच्छ पेयजल मिलने लगा है, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

अनिल बालकिया ने कहा कि लगभग तीन वर्ष पहले, जब दुष्यंत चौटाला हरियाणा के उपमुख्यमंत्री थे, तब गांव बिठमड़ा में आयोजित एक बड़े जनसभा कार्यक्रम के दौरान दोनों गांवों के ग्रामीणों ने उन्हें भाखड़ा नहर से विशेष पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए दुष्यंत चौटाला ने मौके पर ही परियोजना को स्वीकृति देने का आश्वासन दिया था।
उन्होंने बताया कि इसके बाद करीब 7 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन और बूस्टिंग स्टेशन के निर्माण के लिए लगभग 8 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करवाई गई। साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी करवाई गई और निर्माण कार्य शुरू कराया गया। लगभग ढाई से तीन वर्ष में यह परियोजना पूरी होने के बाद अब दोनों गांवों में भाखड़ा नहर का स्वच्छ पेयजल पहुंचना शुरू हो गया है।
अनिल बालकिया ने कहा कि यह परियोजना पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने बिठमड़ा और सुरेवाला के ग्रामीणों तथा उकलाना क्षेत्र की जनता की ओर से दुष्यंत चौटाला का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान दुष्यंत चौटाला ने उकलाना हलके में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य करवाए। किसानों को सिंचाई के लिए नहरी पानी उपलब्ध कराने हेतु करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से एक बड़े माइनर का निर्माण कराया गया। इसके अलावा लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से उकलाना में आधुनिक विश्राम गृह (रेस्ट हाउस) के निर्माण की परियोजना भी शुरू करवाई गई। उन्होंने दावा किया कि पूर्व उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा, जिनका लाभ आज भी क्षेत्र की जनता को मिल रहा है।
अनिल बालकिया ने कहा कि तत्कालीन उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के प्रयासों से उकलाना मंडी में भी लगभग 6.50 करोड़ रुपये की लागत से भाखड़ा नहर का पेयजल पहुंचाने की परियोजना सफलतापूर्वक पूरी की गई थी। इस परियोजना के तहत विशेष पाइपलाइन बिछाकर उकलाना मंडी तक भाखड़ा नहर का स्वच्छ (नीला) पानी पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि दुष्यंत चौटाला ने उकलाना मंडी, बिठमड़ा और सुरेवाला के लोगों से भाखड़ा नहर का पानी उपलब्ध कराने का जो वादा किया था, उसे पूरा करके दिखाया। वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है और आज ग्रामीण उनके इस प्रयास के लिए उनका आभार व्यक्त कर रहे हैं।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



