Palwal News : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिला पलवल के विकास को दी रफ्तार

Desh Rojana
On

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा’ अभियान के तहत हरियाणा में सात प्रमुख स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

पलवल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा’ अभियान के तहत हरियाणा में सात प्रमुख स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया। b

बुधवार को जिला अंबाला की नारायणगढ़ विधानसभा स्थित अनाज मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रिमोट का बटन दबाकर इन विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिसमें पलवल जिला नागरिक अस्पताल के जीर्णोद्धार व नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन भी शामिल रहा। पलवल स्थित जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि रहे तथा कार्यक्रम और परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अमृत सरोवर एवं तालाब पुनर्जीवन अभियान के तहत लगभग 10.39 करोड़ रुपए की लागत से पलवल जिले के 24 तालाबों के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का शुभारंभ भी किया गया तथा योजनाओं से संबंधित लघु फिल्म का प्रसारण भी किया गया।

हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का प्रत्यक्ष लाभ पलवल जिले को भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज पलवल जिला नागरिक अस्पताल का लगभग 7.05 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक नवीनीकरण किया गया है, जिससे जिले के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि परियोजना के अंतर्गत अस्पताल के शौचालयों का विशेष मरम्मत एवं नवीनीकरण, मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण, अस्पताल परिसर की आंतरिक सडक़ों का निर्माण, भवन की दीवारों की मरम्मत, फर्श पर नई टाइलें, पेंटिंग, टाइल टेरेसिंग, मॉर्चरी की विशेष मरम्मत तथा अस्पताल परिसर का व्यापक सौंदर्यीकरण किया गया है।

खेल राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार के प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाएं पहले की तुलना में अधिक आधुनिक, सुलभ और नागरिक केंद्रित बनी हैं। सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण, डिजिटल पंजीकरण, ऑनलाइन रिपोर्ट, टेलीमेडिसिन और विशेषज्ञ डाक्टरों की उपलब्धता बढ़ाई गई है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस उपचार की सुविधा मिल रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर मेडिकल कॉलेजों तक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और नि:शुल्क जांच जैसी सेवाओं को भी सुदृढ़ किया गया है। इन प्रयासों से आम नागरिकों को समय पर, बेहतर और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो रही हैं।

खेल राज्य मंत्री ने कहा कि पलवल जिला में शहरी जल निकासी एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही खेल सुविधाओं और अन्य आधारभूत ढांचे के विकास पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जनता से किए गए प्रत्येक वादे को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रही हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि गौरव गौतम सहित सभी अतिथियों और आगंतुकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत अभिनंदन किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, भाजपा नेता मनोज रावत, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, सीटीएम प्रीति रावत सहित अन्य अधिकारीगण और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad