Hansi News : राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने सात अमृत सरोवरों का किया लोकार्पण

सांसद बोले, जल संरक्षण और ग्रामीण सौंदर्यकरण को मिलेगा बढ़ावा, जिला के 75 तालाबों को अमृत सरोवर योजना में किया जाएगा शामिल

Desh Rojana
On

राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बुधवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला के सात अमृत सरोवरों का लोकार्पण किया और कहा कि जिले के कुल 75 तालाबों को चरणबद्ध तरीके से इस योजना के तहत विकसित किया जाएगा

हांसी : राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बुधवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला के सात अमृत सरोवरों का लोकार्पण किया और कहा कि जिले के कुल 75 तालाबों को चरणबद्ध तरीके से इस योजना के तहत विकसित किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को जल संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ और सुंदर वातावरण भी उपलब्ध होगा।1004354850
 
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल नरवाल,भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी,विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। 
 
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बताया कि गांव बीड़ के मुख्य तालाब पर 78 लाख 54 हजार रुपये की लागत से विकास कार्य करवाए गए हैं। इसके अलावा बास आजम शाहपुर में 2 करोड़ 96 लाख रुपये, गांव भकलाना की जोहड़ी में 26 लाख 16 हजार रुपये, माजरा गांव के गुलौली एवं मकलाना तालाब पर 82 लाख रुपये, पेटवाड़ के डिग्गी वाले तालाब पर लगभग 80 लाख रुपये तथा राखी खास गांव के आजिसर तालाब पर लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यकरण का कार्य किया गया है। इन सभी तालाबों पर कुल मिलाकर लगभग 8 करोड़ 66 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इन तालाबों के आसपास विशेष रूप से फेंसिंग करवाई गई है ताकि जल स्रोत सुरक्षित रह सकें। ग्रामीणों की सुविधा के लिए बैठने हेतु बेंच लगाई गई हैं तथा छायादार पेड़-पौधों का रोपण भी किया गया है। इसके अतिरिक्त इन स्थलों को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए सौंदर्यकरण कार्य भी किए गए हैं, जिससे यह स्थान ग्रामीणों के लिए सामाजिक गतिविधियों और प्राकृतिक वातावरण का केंद्र बन सकें।
सुभाष बराला ने कहा कि अमृत सरोवर योजना का उद्देश्य केवल तालाबों का पुनर्जीवन नहीं, बल्कि वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना, भूजल स्तर को सुधारना और गांवों में जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान करना भी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बेहतर होगी और खेती-किसानी को भी लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में हरियाणा सरकार निरंतर कार्य कर रही है और आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा नारायणगढ़ से कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य एवं पंचायती राज विभाग की योजनाओं का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों की गति तेज हुई है। चाहे स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो, स्वच्छता अभियान को गति देना हो या ग्रामीण विकास के नए आयाम स्थापित करना हो, हर क्षेत्र में सरकार सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर योजना गांवों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहद प्रभावी सिद्ध होगी।
इस दौरान नारायणगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का स्थानीय लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धूम्रपान मुक्त हरियाणा का संदेश देते हुए एक जागरूकता गीत लॉन्च किया तथा करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही ‘स्वस्थ हरियाणा, समृद्ध हरियाणा’ विषय पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और जनहितकारी योजनाओं की उपलब्धियों को विस्तार से दर्शाया गया।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad