Rewari News: चोरी का प्रयास व जानलेवा हमले के मामले का शातिर आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर लिया

Desh Rojana
On

जिला पुलिस द्वारा अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए रेवाड़ी ने करीब 3 साल पुराने गांव मोहदीनपुर में हुए चोरी के प्रयास और एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में गहन तफ्तीश करते हुए एक और आरोपी को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सिकंदर निवासी गांव बीड छुछकवास, जिला झज्जर के रूप में हुई है।

रेवाड़ी: जिला पुलिस द्वारा अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए रेवाड़ी ने करीब 3 साल पुराने गांव मोहदीनपुर में हुए चोरी के प्रयास और एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में गहन तफ्तीश करते हुए एक और आरोपी को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सिकंदर निवासी गांव बीड छुछकवास, जिला झज्जर के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में एक आरोपी संदीप (निवासी बीड छुछकवास) को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

WhatsApp Image 2026-07-10 at 11.02.31 PM
चोरी के प्रयास व जानलेवा हमला करने का आरोपी पुलिस गिरफ्त में।

 
जांचकर्ता ने बताया कि गांव मोहदीनपुर निवासी सुनील कुमार ने अपनी शिकायत में कहा थ कि 18 मई 2023 की रात को वह अपने घर पर सोया हुआ था। करीब रात 1:15 बजे उसके चचेरे भाई मुकेश ने उसे जगाया और सूचना दी कि गांव के ही रामविलास के घर में 4 अज्ञात चोर घुसे हैं। सूचना पाकर सुनील, उसका चचेरा भाई मुकेश और छोटा भाई सूरज तुरंत रामविलास के घर की तरफ भागे। वहां घर के बाहर निगरानी के लिए खड़े एक बदमाश ने पीड़ितों को आते देख अपने साथियों को आवाज लगा दी। पकड़े जाने के डर से चोर बिना चोरी किए ही भागने लगे।
जब सुनील और उसके परिवार ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, तो एक बदमाश ने खौफ पैदा करने के लिए हवाई फायर कर दिया। इसके बावजूद जब सुनील ने उनका पीछा नहीं छोड़ा तो बदमाशों ने सीधे जान से मारने की नीयत से सुनील पर गोली चला दी। देशी कट्टे से चलाई गई यह गोली सुनील के बाएं कंधे के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए थे।
इस संबंध में थाना रोहड़ाई पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी के प्रयास, हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त एक आरोपी जिला झज्जर के गांव बीड छुछकवास निवासी संदीप को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए केस की कमान सीआईए रेवाड़ी को सौंपी गई थी। अब इस मामले में सीआईए रेवाड़ी ने मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी सिकंदर को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर लिया। सिकंदर को अदालत में पेश कर पूछताछ और वारदात में इस्तेमाल हथियार व अन्य साथियों की पूछताछ  के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी ताकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad