Palwal News: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 के केवल चार दिन शेष
शनिवार और रविवार को भी भरे और जमा किए जाएंगे गणना प्रपत्र
जिला पलवल सहित प्रदेश के सभी जिला में 14 जुलाई तक जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अब केवल अंतिम चार दिन शेष हैं।
पलवल: जिला पलवल सहित प्रदेश के सभी जिला में 14 जुलाई तक जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अब केवल अंतिम चार दिन शेष हैं।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने गणना प्रपत्रों के संग्रहण और डिजिटलाइजेशन पर जोर देते हुए बीएलओ को निर्देश दिए कि अंतिम चार दिनों में कार्य में और अधिक तेजी लाकर विशेष गहन पुनरीक्षण को पूरा करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, त्रुटिरहित एवं सटीक होना लोकतंत्र की मजबूती का आधार है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने अथवा अपने विवरण में संशोधन कराने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 11 जुलाई शनिवार और 12 जुलाई रविवार के दिन भी गणना प्रपत्र भरे और जमा किए जाएंगे।
किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं चाहिए छूटना : जिला निर्वाचन अधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रमानुसार घर-घर जाकर भरे हुए गणना प्रपत्र एकत्रित करना सुनिश्चित करें। बीएलओ शनिवार और रविवार को विशेष रूप से घर-घर संपर्क बढ़ाते हुए अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंच सुनिश्चित करें और मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में जागरूक करते हुए एसआईआर अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक गणना प्रपत्र का समयबद्ध संग्रहण, डिजिटाइजेशन तथा पोर्टल पर अपलोड सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटना चाहिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में सौंपे गए दायित्वों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा कार्य में अनियमितता या लापरवाही पाई गई तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने जिला के सभी पात्र मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि मंगलवार 14 जुलाई है। अब अभियान के केवल पांच दिन शेष हैं, इसलिए अंतिम समय का इंतजार न करते हुए अपना भरा हुआ गणना प्रपत्र शीघ्र संबंधित बीएलओ के पास जमा करवाएं ताकि उसका समयबद्ध डिजिटाइजेशन एवं पोर्टल पर अपलोड सुनिश्चित किया जा सके। यदि किसी दस्तावेज अथवा विवरण में कोई कमी या त्रुटि पाई जाती है, तो उसका समय रहते सुधार भी किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश संबंधित बीएलओ अभी तक किसी मतदाता के घर नहीं पहुंच पाए हैं, तो ऐसे मतदाता स्वयं अपने संबंधित मतदान केंद्र अथवा बीएलओ से संपर्क कर गणना प्रपत्र जमा करें। जिला प्रशासन और मतदाताओं की साझी भागीदारी से ही विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूर्ण रूप से सफल बनाया जा सकता है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



