Palwal News : जीजीडीएसडी कॉलेज, पलवल में प्रो. डॉ. परवीन कुमार वर्मा को भावभीनी विदाई
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. (डॉ.) पीके वर्मा उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र कालड़ा ने की।
पलवल। जीजीडीएसडी कॉलेज, पलवल में वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. (डॉ.) परवीन कुमार वर्मा के सम्मान में एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। प्रो. वर्मा 30 जून 2026 को लगभग 36 वर्ष 10 माह 14 दिन की उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाएँ पूर्ण करने के उपरांत सेवानिवृत्त हुए। उनके सम्मान में 6 जुलाई 2026 को आयोजित इस समारोह में महाविद्यालय परिवार ने उन्हें स्नेह, सम्मान और शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. (डॉ.) पीके वर्मा उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र कालड़ा ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार, प्रबंधकारिणी समिति के महासचिव बंसीधर माखीजा, वरिष्ठ प्राध्यापिका प्रोफ़ेसर डॉक्टर मंजुला बत्रा, शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी, पूर्व सहयोगी, विद्यार्थी, गणमान्य अतिथि तथा प्रो. (डॉ.) परवीन कुमार वर्मा के परिवार के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन डॉ. रुचि शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, प्राचार्य एवं अन्य वक्ताओं ने अपने संबोधनों में प्रो. (डॉ.) परवीन कुमार वर्मा के अनुशासित व्यक्तित्व, उत्कृष्ट शिक्षण, प्रशासनिक दक्षता, सरल स्वभाव तथा विद्यार्थियों के प्रति उनके समर्पण की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रो. वर्मा ने अपने दीर्घ सेवाकाल में महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं संस्थागत प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा अपने कार्यों से अनेक पीढ़ियों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबंधकारिणी समिति एवं समस्त महाविद्यालय परिवार की ओर से प्रो. (डॉ.) परवीन कुमार वर्मा को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न (मोमेंटो), शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी दीर्घकालीन निष्ठापूर्ण सेवाओं तथा महाविद्यालय के प्रति उनके अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक रहा। कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में छात्रा टीना ने गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित एक भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी अतिथियों एवं दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षकों ने प्रो. (डॉ.) परवीन कुमार वर्मा के साथ बिताए अपने संस्मरण साझा किए। वक्ताओं ने उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार, सहयोगी व्यक्तित्व, अनुशासनप्रियता तथा मार्गदर्शक भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्हें एक आदर्श शिक्षक एवं प्रशासक बताया। अपने विदाई संबोधन में प्रो. (डॉ.) परवीन कुमार वर्मा ने महाविद्यालय की प्रबंधकारिणी समिति, प्राचार्य, समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग, विद्यार्थियों तथा अपने परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जीजीडीएसडी कॉलेज उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है और यहाँ बिताया गया प्रत्येक क्षण उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

About The Author
संबंधित समाचार



