Nuh Mewat News:सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही मिलेगी खाद, अधिक कीमत वसूलने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : उपनिदेशक कृषि
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक अनिल कुमार ने बताया कि जिला नूंह में सरकार के निर्देशानुसार उर्वरकों का वितरण निर्धारित व्यवस्था के तहत किया जा रहा है।
नूंह: कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक अनिल कुमार ने बताया कि जिला नूंह में सरकार के निर्देशानुसार उर्वरकों का वितरण निर्धारित व्यवस्था के तहत किया जा रहा है। इसके अनुसार कुल खाद का 60 प्रतिशत वितरण सरकारी बिक्री केंद्रों तथा 40 प्रतिशत वितरण निजी विक्रेताओं के माध्यम से सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर किया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई खाद विक्रेता सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर उर्वरक बेचता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा उसका खाद विक्रय लाइसेंस भी निरस्त कर दिया जाएगा।
उपनिदेशक ने बताया कि वर्तमान में जिले में किसानों की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हैं। जिले में अब तक 4727.80 मीट्रिक टन यूरिया, 1004.05 मीट्रिक टन डीएपी, 50.35 मीट्रिक टन एमओपी, 356.20 मीट्रिक टन एनपीके तथा 122.70 मीट्रिक टन एसएसपी उपलब्ध है।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी खाद विक्रेता से उर्वरक खरीदने से पहले मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं। पोर्टल पर पंजीकरण के बिना खाद की खरीद संभव नहीं है। उन्होंने सभी खाद विक्रेताओं को भी निर्देश दिए कि वे बिना पंजीकरण वाले किसी भी किसान को उर्वरक उपलब्ध न कराएं तथा केवल पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को ही सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराएं।
अनिल कुमार ने किसानों से आग्रह किया कि यदि कोई खाद विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक बेचता है तो इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के कार्यालय में दें। उन्होंने किसानों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न देने तथा केवल विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने की अपील की।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



