Gurugram News: किंगडम ऑफ ड्रीम्स में पांच साल में तीसरी बार अग्निकांड
बैंक्वेट हॉल खाक; जांच शुरू, नशेड़ियों पर शक
बीते पांच साल से बंद पड़े गुरुग्राम में सबसे बड़े मनोरंजक स्थल किंगडम ऑफ ड्रीम्स में बुधवार को फिर आग लग गई। यह तीसरी बार है जब बंद होने के बाद इसमें आगजनी हुई है। यहां की आग अब पहली बन गई है।
गुरुग्राम: बीते पांच साल से बंद पड़े गुरुग्राम में सबसे बड़े मनोरंजक स्थल किंगडम ऑफ ड्रीम्स में बुधवार को फिर आग लग गई। यह तीसरी बार है जब बंद होने के बाद इसमें आगजनी हुई है। यहां की आग अब पहली बन गई है। एक्सपर्ट के अनुसार चूंकि यह बंद है तो उसमें बिजली भी नहीं है, जिससे यह अंदेशा जताया जा सके कि आग शॉर्ट सर्किट से हुई है। गर्मी भी इतनी नहीं थी कि अचानक ही आग लग जाए। अब पूरा शक नशेड़ियों और स्मैकियों पर जताया जा रहा है। फायर ऑफिसर नरेश कुमार ने भी संभावना जताई है कि नशेड़ियों ने जलती सिगरेट आदि डाली होगी, जिससे यह आग लगी। हालांकि पुलिस और फायर ब्रिगेड अपने अपने स्तर पर आगजनी की जांच में जुट गए हैं।

सेक्टर-29 स्थित बंद पड़े किंगडम ऑफ ड्रीम्स में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। दमकल विभाग को करीब 12:30 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल अधिकारियों के अनुसार आग परिसर के बैंक्वेट हॉल में लगी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। फायर विभाग मामले की जांच कर रहा है। करीब पांच वर्षों से बंद पड़ा किंगडम ऑफ ड्रीम्स कभी देश का प्रमुख मनोरंजन और सांस्कृतिक केंद्र था, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और दर्शक कार्यक्रम देखने पहुंचते थे।
पहले भी दो बार लग चुकी है आग गौरतलब है कि किंगडम ऑफ ड्रीम्स में इससे पहले भी दो बार आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार तीसरी बार आग लगने की घटना हुई है । फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार किंगडम ऑफ ड्रीम्स लंबे समय से बंद होने के कारण घटना के समय अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसलिए इस आग में किसी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



