Sohna News: जिला गुरुग्राम के सोहना खण्ड में कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
सोहना खण्ड, जिला गुरुग्राम में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों के अंतर्गत कॉमन योग प्रोटोकॉल का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भोंडसी स्थित राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
सोहना। सोहना खण्ड, जिला गुरुग्राम में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों के अंतर्गत कॉमन योग प्रोटोकॉल का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भोंडसी स्थित राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग के योग सहायकों द्वारा प्रतिभागियों को निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल का क्रमबद्ध एवं विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान आयुष विभाग की योग सहायक गीता, ज्योति, सोनू शर्मा एवं नाजिम द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं शिथिलीकरण अभ्यासों का विधिवत अभ्यास कराया गया तथा प्रत्येक क्रिया की सही विधि एवं उसके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर आयुष खण्ड नोडल अधिकारी डॉ. ब्रह्मप्रकाश द्वारा “स्वास्थ्य के लिए योग, ज्ञान के लिए योग एवं विश्व शांति के लिए योग” विषय पर प्रेरणादायक व्याख्यान प्रस्तुत किया गया।
उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे स्वस्थ जीवनशैली का अनिवार्य अंग बताया। डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि कॉमन योग प्रोटोकॉल का मुख्य उद्देश्य संपूर्ण देश में एक समान योग अभ्यास प्रणाली को अपनाना है, जिससे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी स्थानों पर एकरूपता के साथ योगाभ्यास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शारीरिक शिक्षकों, व्यायाम शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों एवं अधिकारियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर समाज में स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देंगे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



