Gurugram News: एसआईआर को लेकर यूथ कांग्रेस ने शुरू किया जागरूकता अभियान
लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है सही मतदाता सूची: निशित कटारिया
हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में शुक्रवार को गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत चलो वार्ड-चलो पंचायत अभियान के अंतर्गत एक बैठक आयोजित की गई।
गुरुग्राम: हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में शुक्रवार को गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत चलो वार्ड-चलो पंचायत अभियान के अंतर्गत एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के सत्यापन, शुद्धिकरण और गणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं को विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं को बताया गया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है। इसके लिए सभी मतदाताओं से निर्धारित समय पर गणना फॉर्म भरने और जमा करवाने का आह्वान किया गया। फिलहाल विधानसभा क्षेत्र के चार बूथों पर लोगों को इस अभियान के बारे में जागरूक किया गया है।

बैठक में विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त करने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि प्रत्येक बूथ स्तर पर मतदाताओं को सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके।
निशित कटारिया ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 15 जून से प्रत्येक मतदाता को गणना फॉर्म भरकर जमा करवाना होगा। पार्टी द्वारा नियुक्त किए जा रहे बीएलए-2 यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके बूथ क्षेत्र का कोई भी मतदाता फॉर्म भरने से वंचित न रहे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को इस प्रक्रिया की जानकारी देने और फॉर्म भरवाने में सहयोग करने का आह्वान किया। कटारिया ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें दर्ज रहना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है ताकि कोई भी मतदाता अपने संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित न रह जाए।
इस बैठक में मुख्य तौर पर मोहित तंवर जिला उपाध्यक्ष, विक्रम कटारिया जिला महासचिव, कृष्ण कुमार, दशमेश सिंह, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में यूथ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



