सीएनजी की 'महंगी मार': दिल्ली-गुड़गांव से भी महंगा हुआ नूंह; वाहन चालकों की जेब पर पड़ रहा डाका
जिले में बढ़ती महंगाई के बीच अब सीएनजी (CNG) की आसमान छूती कीमतों ने आम आदमी और खासकर कमर्शियल वाहन चालकों की कमर तोड़ दी है।
नूंह/मेवात: जिले में बढ़ती महंगाई के बीच अब सीएनजी (CNG) की आसमान छूती कीमतों ने आम आदमी और खासकर कमर्शियल वाहन चालकों की कमर तोड़ दी है। चौंकाने वाली बात यह है कि पड़ोसी क्षेत्र दिल्ली और साइबर सिटी गुरुग्राम के मुकाबले नूंह जिले के पेट्रोल पंपों पर सीएनजी काफी ऊंचे दामों पर बेची जा रही है। कीमतों के इस भारी अंतर के कारण वाहन कर्मियों में प्रशासन और पंप संचालकों के खिलाफ भारी रोष है।
दिल्ली-गुड़गांव के मुकाबले नूंह में 'लूट'!
अगर कीमतों की तुलना की जाए, तो नूंह जिले में सीएनजी के रेट दिल्ली और गुरुग्राम से कहीं अधिक हैं। दिल्ली में सीएनजी जहाँ करीब ₹77.09 प्रति किलो है। गुरुग्राम में यह दर ₹82.12 के आसपास है।
वहीं, नूंह जिले में वाहन चालकों को ₹87.80 से ₹88.30 प्रति किलो तक भुगतान करना पड़ रहा है।
एक ही राज्य और आसपास के जिले होने के बावजूद 5 से 11 रुपये तक का यह बड़ा अंतर वाहन चालकों की समझ से परे है।
वही सब्बीर, शहीद, वसीम, सोनू कृष्ण, विजय कुमार, जुबेर खान, पप्पू दीपक, राजू, जुनेद, साहिल, रमेश कुमार आदि स्थानीय ऑटो और टैक्सी चालकों का कहना है कि वे पहले ही बढ़ते टोल और कम काम के कारण परेशान हैं, ऊपर से सीएनजी के बढ़े हुए रेट उनकी बचत को खत्म कर रहे हैं। वाहन चालकों का आरोप है कि जिले के सीएनजी पंप संचालक अपनी मनमानी कर रहे हैं और प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे दे रहा। "हमें मजबूरी में नूंह से गैस भरवानी पड़ती है, जबकि गुड़गांव जाने पर हमें काफी बचत होती है। आखिर नूंह के लोगों से ही ज्यादा वसूली क्यों?" यह सवाल आज जिले का हर वाहन चालक पूछ रहा है। वहीं दिल्ली और गुड़गांव जैसे शहरों के मुकाबले पिछड़े जिले नूंह में ईंधन के दाम ज्यादा होना न्यायसंगत नहीं लगता। स्थानीय लोगों की मांग है कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इन बढ़ी हुई कीमतों का संज्ञान ले और यह स्पष्ट करे कि आखिर किस आधार पर नूंह में दिल्ली-गुड़गांव से ज्यादा रेट वसूले जा रहे हैं। यदि जल्द ही सीएनजी की कीमतों में सामंजस्य नहीं बिठाया गया, तो जिले के वाहन चालक बड़े आंदोलन की राह पकड़ सकते हैं। अब देखना यह है कि क्या जिला प्रशासन इन पंप संचालकों की मनमानी पर लगाम लगाएगा या जनता यूँ ही महंगाई की चक्की में पिसती रहेगी।
जब इस गंभीर विषय और कीमतों के अंतर को लेकर नूंह उपायुक्त अखिल पिलानी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा जिले में सीएनजी की कीमतों में दिल्ली और गुरुग्राम के मुकाबले बड़े अंतर का मामला हमारे संज्ञान में आया है। ईंधन की कीमतें कंपनियों द्वारा तय की जाती हैं, लेकिन यदि स्थानीय स्तर पर पंप संचालकों द्वारा किसी भी तरह की अवैध वसूली या नियमों के विरुद्ध अधिक रेट लिए जा रहे हैं, तो यह गंभीर विषय है। मैंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जिले के सभी सीएनजी पंपों के रेट और टैक्स स्लैब की जांच करें। यदि कहीं भी अनियमितता पाई गई, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनता के हितों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।

About The Author
संबंधित समाचार



