Gurugram News: उषा प्रियदर्शी के एक्शन के बाद स्पा सेंटरों पर शिकंजा, 18 पर छापा; हथियार भी मिला

महिला आयोग की शिकायतों पर कार्रवाई, 30 महिलाएं और 20 पुरुष मिले, एक स्पा सेंटर से अवैध हथियार मिलने का भी दावा

Desh Rojana
On

गुरुग्राम में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियों और मानव तस्करी की शिकायतों पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी के संज्ञान के बाद बड़ी संयुक्त कार्रवाई की गई। महिला आयोग और गुरुग्राम पुलिस की टीम ने सेक्टर-90 स्थित सफायर मॉल के 18 स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आठ सेंटरों में प्रथम दृष्टया संदिग्ध गतिविधियां मिलने की बात सामने आई।

गुरुग्राम: गुरुग्राम में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियों और मानव तस्करी की शिकायतों पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी के संज्ञान के बाद बड़ी संयुक्त कार्रवाई की गई। महिला आयोग और गुरुग्राम पुलिस की टीम ने सेक्टर-90 स्थित सफायर मॉल के 18 स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आठ सेंटरों में प्रथम दृष्टया संदिग्ध गतिविधियां मिलने की बात सामने आई। मौके से 30 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जबकि 20 पुरुषों से पूछताछ की गई। एक स्पा सेंटर से अवैध हथियार मिलने की बात भी सामने आई है, जिसकी प्रकृति और उसके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।

WhatsApp Image 2026-09-21 at 10.34.38 AM

महिला आयोग की ओर से मिली मौखिक और लिखित शिकायतों में कुछ स्पा सेंटरों में देह व्यापार, महिलाओं के शोषण और मानव तस्करी की आशंका जताई गई थी। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए आयोग ने पुलिस के साथ समन्वय कर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य भी जांच के लिए कब्जे में लिए गए हैं।

शिकायतों पर तत्काल संज्ञान, महिलाओं की काउंसलिंग भी: महिला सुरक्षा और शोषण से जुड़े मामलों में शिकायत मिलने के बाद आयोग की ओर से पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करना इस अभियान का अहम पहलू रहा। कार्रवाई के बाद रेस्क्यू की गई महिलाओं की काउंसलिंग कराई गई, ताकि उनके यहां पहुंचने, काम करने की परिस्थितियों और किसी तरह के दबाव या शोषण की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। काउंसलिंग के दौरान एक महिला ने कम उम्र से ही शोषण किए जाने का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों के नाम बताए। कुछ अन्य महिलाओं ने कथित तौर पर धमकी या दबाव में यहां लाए जाने की बात कही। इन बयानों और अन्य साक्ष्यों की पुलिस जांच कर रही है।

सेक्टर-38 में भी कार्रवाई: संयुक्त टीम ने सेक्टर-38 स्थित एक भवन में भी कार्रवाई की। यहां 13 पुरुष और आठ महिलाएं कथित संदिग्ध गतिविधियों की स्थिति में मिले। टीम ने मौके से संबंधित साक्ष्य जुटाए हैं। महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी की ओर से मामले में जीरो टॉलरेंस की बात कही गई है। आयोग और पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि इन सेंटरों में महिलाओं को किस परिस्थिति में काम कराया जा रहा था और क्या किसी संगठित शोषण या तस्करी से इसका संबंध है

 18 स्पा, 30 महिलाएं, 20 पुरुष और हथियार:-

•सेक्टर-90 सफायर मॉल में 18 स्पा सेंटरों पर छापा
•आठ सेंटरों में प्रथम दृष्टया संदिग्ध गतिविधियां
•30 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया
20 पुरुषों से पूछताछ
•इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए गए
एक स्पा सेंटर से अवैध हथियार मिलने की बात
•सेक्टर-38 में 13 पुरुष और आठ महिलाएं मिलीं
•रेस्क्यू महिलाओं की काउंसलिंग जारी

 इतने स्पा सेंटरों के बावजूद पहले जांच क्यों नहीं? :-

•सफायर मॉल में एक साथ 18 स्पा सेंटर संचालित हो रहे थे तो नियमित निरीक्षण किस स्तर पर हुआ?
•यदि पहले भी शिकायतें मिली थीं तो संबंधित विभागों और पुलिस की ओर से समय रहते क्या कार्रवाई की गई?
•स्पा सेंटरों के लाइसेंस, कर्मचारियों के रिकॉर्ड और गतिविधियों का नियमित सत्यापन हुआ या नहीं?
•एक सेंटर से कथित अवैध हथियार मिलने के बाद सुरक्षा जांच की व्यवस्था पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
•क्या छापेमारी में मिले डिजिटल साक्ष्यों से सेंटरों के संचालन और अन्य लोगों की भूमिका सामने आएगी?

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad