Rewari News : मंत्री राव नरवीर के गांव में मंत्री आरती राव की धमक

नारों पर बोलीं स्वास्थ्य मंत्री- अभी राजनीति में सफर शुरू हुआ है, लंबी पारी के लिए आई हूं

Desh Rojana
On

कैबिनेट मंत्री नरबीर सिंह के पैतृक गांव बूढ़पुर में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर जोरदार स्वागत किया।

रेवाड़ी। कैबिनेट मंत्री नरबीर सिंह के पैतृक गांव बूढ़पुर में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर जोरदार स्वागत किया। गांव में आयोजित कार्यक्रम में आरती राव के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने ‘भावी मुख्यमंत्री आरती राव’ के नारे भी लगाए। जोरदार स्वागत से आरती राव गदगद नजर आईं।
 
1005321486
मंत्री आरती राव चाय पर चर्चा कार्यक्रम में शामिल।
 
कार्यक्रम का आयोजन प्रशांत उर्फ सन्नी यादव की ओर से किया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत के दौरान आरती राव पर फूल बरसाए गए और समर्थकों ने उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की। ‘भावी मुख्यमंत्री’ के नारों को लेकर जब आरती राव से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उनका अभी राजनीति में सफर शुरू हुआ है और वह अभी चीजों को सीख रही हैं। उन्होंने कहा कि वह राजनीति में लंबी पारी खेलने के लिए आई हैं। यदि सभी का साथ रहा और भविष्य में पार्टी ने मौका दिया तो वह उस जिम्मेदारी पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगी।
उन्होंने कहा कि राजनीति में टिकट मिलना भी किस्मत की बात होती है। भविष्य में क्या जिम्मेदारी मिलेगी,यह समय बताएगा।
राजनीति में संयम रखने के सवाल पर आरती राव ने कहा कि राजनीति में संयम बहुत जरूरी है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2014 और 2019 में टिकट मांगी थी लेकिन टिकट नहीं मिली। इसके बावजूद उन्होंने पार्टी के लिए काम करना जारी रखा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों के पक्ष में उन्होंने प्रचार किया और उनके लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि “भगवान के घर में देर है, अंधेर नहीं। मेरी भी किस्मत जगी और मुझे टिकट मिला। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह अटेली विधानसभा क्षेत्र की विधायक हैं जबकि मंत्री के रूप में उनकी जिम्मेदारी पूरे हरियाणा की है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ‘पार्ट टाइम मुख्यमंत्री’ बताए जाने के सवाल पर आरती राव ने कहा कि नायब सिंह सैनी पार्ट टाइम नहीं बल्कि फुल टाइम मुख्यमंत्री हैं। राव नरवीर के पैतृक गांव में  हुए कार्यक्रम के दौरान आरती राव के स्वागत और ‘भावी सीएम’ के नारों ने राजनीतिक चर्चा को भी हवा दी। हालांकि आरती राव ने अपने जवाब में अपने राजनीतिक सफर को अभी शुरुआती दौर में बताते हुए भविष्य में पार्टी की ओर से मिलने वाली जिम्मेदारी को लेकर संयम बरतने की बात कही। 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad