Panchkula News: फीस लेकर पास जारी किए, फिर भी रेहड़ी-फड़ी वालों का सामान उठा रहा नगर निगम, सुधा भारद्वाज
गरीब दुकानदारों से कथित अवैध वसूली के बाद सामान जब्त करना अन्यायपूर्ण, सरकार तत्काल लगाए रोक
वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व अध्यक्षा, हरियाणा महिला कांग्रेस, सुधा भारद्वाज ने पंचकूला नगर निगम द्वारा रेहड़ी-फड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले लोगों के साथ कथित तौर पर किए जा रहे उत्पीड़न पर कड़ा रोष जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की एनफोर्समेंट विंग द्वारा रेहड़ी-फड़ी वालों का सामान उठाया जा रहा है, जबकि निगम की ओर से इन लोगों को पास जारी किए गए हैं और उनकी फीस भी ली जाती है।
पंचकूला: वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व अध्यक्षा, हरियाणा महिला कांग्रेस, सुधा भारद्वाज ने पंचकूला नगर निगम द्वारा रेहड़ी-फड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले लोगों के साथ कथित तौर पर किए जा रहे उत्पीड़न पर कड़ा रोष जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की एनफोर्समेंट विंग द्वारा रेहड़ी-फड़ी वालों का सामान उठाया जा रहा है, जबकि निगम की ओर से इन लोगों को पास जारी किए गए हैं और उनकी फीस भी ली जाती है।

सुधा भारद्वाज ने कहा कि उन्होंने स्थानीय रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले कई लोगों से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें बताया कि नगर निगम के कर्मचारी सुबह-सुबह पहुंचकर उनका सामान उठाकर ले जाते हैं। उनका आरोप है कि कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए सामान की कोई रसीद भी उन्हें नहीं दी जाती और यह तक स्पष्ट नहीं किया जाता कि कर्मचारियों द्वारा उनका कौन-कौन सा सामान जब्त किया गया है।
“हर दूसरे दिन सामान उठाने की कार्रवाई से परिवार चलाना मुश्किल”: सुधा भारद्वाज ने कहा कि रेहड़ी-फड़ी वालों ने उन्हें बताया कि नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा आए दिन कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि ये लोग कोई बड़े कारोबारी नहीं हैं, बल्कि छोटी-छोटी रेहड़ियां लगाकर अपने परिवारों का पालन-पोषण करते हैं। यदि उन्हें लगातार परेशान किया जाएगा और उनका सामान उठा लिया जाएगा तो वे अपने परिवार का गुजारा कैसे करेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि नगर निगम ने इन लोगों से निर्धारित फीस लेकर पास जारी किए हैं, तो फिर उन्हें बार-बार परेशान करने और उनका सामान जब्त करने का औचित्य क्या है। निगम को पहले अपनी नीति और कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
“गरीबों को परेशान करना बंद करे सरकार, वरना सड़कों पर उतरेंगे”: सुधा भारद्वाज ने कहा कि गरीब और मेहनतकश लोगों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों में गरीब और छोटे दुकानदार लगातार दबाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “भाजपा की यही नीति बन गई है कि गरीबों को ही खत्म कर दो।”
उन्होंने सरकार और पंचकूला नगर निगम से मांग की कि रेहड़ी-फड़ी वालों को अनावश्यक रूप से परेशान करना तत्काल बंद किया जाए। जिन लोगों के पास निगम द्वारा जारी किए गए वैध पास हैं, उन्हें अपना काम करने दिया जाए तथा यदि किसी के खिलाफ कार्रवाई की जाती है तो उसकी विधिवत रसीद और जब्त किए गए सामान का पूरा विवरण उपलब्ध कराया जाए। सुधा भारद्वाज ने चेतावनी दी कि यदि गरीब रेहड़ी-फड़ी वालों के साथ अन्याय बंद नहीं किया गया और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस उनकी आवाज को मजबूती से उठाएगी और जरूरत पड़ी तो गरीबों और मेहनतकश लोगों के हक में सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

About The Author
संबंधित समाचार



