फिरोजपुर झिरका की बसईमेव पंचायत में सरपंच पद के लिए उपचुनाव आज
: मतदान के तुरंत बाद बूथ पर ही होगी मतगणना : शांतिपूर्ण चुनाव के लिए 75 पुलिस जवान तैनात, कई थाने किए गए अटैच।
फिरोजपुर झिरका खंड की ग्राम पंचायत बसईमेव में आज सरपंच पद के लिए उपचुनाव कराया जाएगा। चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है।
फिरोजपुर झिरका। फिरोजपुर झिरका खंड की ग्राम पंचायत बसईमेव में आज सरपंच पद के लिए उपचुनाव कराया जाएगा। चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है। गांव में चुनाव को लेकर खासा उत्साह बना हुआ है तथा सुबह से ही मतदान केंद्र पर हलचल दिखाई देने लगी।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में हुए पंचायत चुनाव में हनीफ उर्फ हन्ना सरपंच पद पर निर्वाचित हुए थे, लेकिन बाद में अरावली पहाड़ प्रकरण में नाम सामने आने के बाद प्रशासन द्वारा उन्हें पद से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद से यह पद रिक्त चल रहा था, जिसके चलते अब उपचुनाव कराया जा रहा है।
इस चुनाव में आस मोहम्मद, जुनैद, निजामुद्दीन और मोहम्मद लतीफ मैदान में हैं। चारों प्रत्याशियों ने गांव में अपने-अपने स्तर पर प्रचार कर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास किया। चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से पंचायत में राजनीतिक माहौल गर्म बना हुआ था।
प्रशासन की ओर से चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चुनाव ड्यूटी में पुलिस के 75 जवानों को लगाया गया है। इसके अतिरिक्त फिरोजपुर झिरका सदर थाना, सिटी थाना के अलावा नगीना और पिनगवां थाना पुलिस को भी अटैच किया गया है। अधिकारियों के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर इन थानों की पुलिस को तुरंत बुलाया जा सकेगा, इसलिए इनकी अटैचमेंट की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
उधर, बसईमेव पंचायत के अलावा खंड की हिरवाड़ी बावनठेड़ी, मोहम्मदबास पोल, बाईखेड़ा और रनियाली पंचायतों में महिला पंच पद के लिए भी चुनाव प्रस्तावित है। ये सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार हिरवाड़ी बावनठेड़ी को छोड़कर बाकी पंचायतों में पढ़ी-लिखी महिला उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण चुनाव नहीं हो पाएगा।
नोडल अधिकारी एवं एसडीएम लक्ष्मीनारायण ने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर चुनाव तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्र पर बिजली, पानी, छांव तथा कमरों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम लक्ष्मीनारायण ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराना है। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसी दिन मतदान केंद्र पर ही मतों की गणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए गए हैं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



