पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों समेत तस्कर को किया गिरफ्तार
34 बोतल ओनेरेक्स सिरप, 6784 नशीली कैप्सूल और 2.28 लाख की नकदी बरामद
पुन्हाना पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान व नशा विरुद्ध कारोबार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
नूंह। पुन्हाना पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान व नशा विरुद्ध कारोबार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिससे 34 बोतल ओनेरेक्स सिरप, 6784 नशीली कैप्सूल और 2.28 लाख की नकदी बरामद हुई। वहीं गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव मानोता ताहिर पुत्र रूजदार निवासी मानोता के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपनी दुकान से ग्राहकों को अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचने का कार्य कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए रेडिंग पार्टी गठित की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी की दुकान पर दबिश दी। पुलिस टीम जब गांव मानोता स्थित दुकान पर पहुंची तो आरोपी पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद गांव के सरपंच और वार्ड पंच की मौजूदगी में दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दुकान से 34 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप तथा 6784 कैप्सूल बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने मौके से 2 लाख 28 हजार 850 रुपये की नकदी भी बरामद की, जो प्रारंभिक जांच में नशीली दवाइयों की बिक्री से अर्जित रकम प्रतीत हुई। मामले की सूचना तुरंत ड्रग्स इंस्पेक्टर गुरुग्राम को दी गई। ड्रग्स इंस्पेक्टर द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से पुष्टि की गई कि बरामद दवाइयां एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रतिबंधित श्रेणी में हैं। इसके बाद पुलिस ने बरामद दवाइयों और नकदी को लेकर कार्रवाई की। पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद नशीली दवाइयों से संबंधित कोई बिल, लाइसेंस या वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। आरोपी से पूछताछ में खुलासा किया कि वह ये प्रतिबंधित दवाइयां इरशाद नामक व्यक्ति से खरीदकर बेचता था। पुन्हाना सदर थाना पुलिस ने दोनों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
About The Author
संबंधित समाचार



