पश्चिम बंगाल में भी भाजपा ने अपने हरियाणा विधानसभा चुनाव की नीति : करन दलाल
कांग्रेसी नेता व पूर्व मंत्री करण दलाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में भी भाजपा ने हरियाणा की नीति अपनाई है। चुनाव आयोग ने साजिश के तहत चुनाव से ठीक पहले एसआईआर की साजिश रची और तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के समर्थकों के वोट काट दिए।
पलवल। कांग्रेसी नेता व पूर्व मंत्री करण दलाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में भी भाजपा ने हरियाणा की नीति अपनाई है। चुनाव आयोग ने साजिश के तहत चुनाव से ठीक पहले एसआईआर की साजिश रची और तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के समर्थकों के वोट काट दिए। इसके बाद केंद्र की मोदी सरकार ने सत्ता का दुरुपयोग कर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की।
उन्होंने कहा कि चुनावी इतिहास में कभी 92 प्रतिशत वोट नहीं डाले गए, लेकिन बंगाल में इतने वोट डलना गड़बड़ी का स्पष्ट संदेश है। भाजपा ने हरियाणा की तरह ही पश्चिम बंगाल में भी धांधली की है। वे जल्द ही तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी से मिलेंगे और हरियाणा में की गई धांधली का सबूत देंगे। दलाल बुधवार को अपने निवास पर पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान करण दलाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने धांधली कर चुनाव जीता था। इसके बाद हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और अब बंगाल में चुनाव आयोग ने भाजपा के साथ मिलीभगत कर चुनाव में चोरी की है। उन्होंने कहा कि 2024 के हरियाणा चुनाव में इसी तरह ईवीएम में छेड़छाड़ कर दो दिन तक वोट बढ़ाए गए थे। यहां तक कि मतगणना से पहले ईवीएम स्ट्रांग रूम के कैमरे भी बंद कर दिए गए थे। यही खेल बंगाल में भाजपा ने चुनाव आयोग से मिलीभगत कर किया है। भाजपा के साथ जनाधार नहीं है, बल्कि वह सत्ता का दुरुपयोग कर चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि अब विपक्ष और देश की जनता को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने यह भी बताया कि पलवल में चुनाव आयोग द्वारा की जा रही एसआईआर प्रक्रिया में 60 प्रतिशत वोटों का मिलान नहीं हो रहा है।
उन्होंने बताया कि आखिर इतनी भारी संख्या में मतदाता कहां गए, वह जल्द ही इस बारे में विस्तृत खुलासा करेंगे। उन्होंने हरियाणा राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायक को द्वारा भाजपा के पक्ष में की गई वोटिंग पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस को मुसलमानों की हितैषी पार्टी बताती है, लेकिन वह खुद मुसलमान को समर्थन ले रही है। उन्होंने इसे भाजपा का दोहरा चरित्र बताया। साथ ही करन दलाल ने राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा के पूर्व सीएम भजनलाल को लेकर दिए गए बदमाश वाले बयान की निंदा करते हुए कहा कि यही भाजपा का असली चेहरा है कि जानबूझकर अपने नेताओं से दूसरे लोगों का अपमान कराती है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



