श्री अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में सुविधाओं का निरीक्षण
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने कॉलेज प्रशासन को हर संभव सहयोग का दिया आश्वासन
डायरेक्टोरेट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (DMER) के अतिरिक्त निदेशक विजय सिंह एवं उप निदेशक डॉ. अतींद्र सिंह ने आज छायंसा स्थित अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों एवं अस्पताल की कार्यप्रणाली की समीक्षा करना तथा विद्यार्थियों, मरीजों एवं स्टाफ को आ रही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना था।
फरीदाबाद:डायरेक्टोरेट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (DMER) के अतिरिक्त निदेशक विजय सिंह एवं उप निदेशक डॉ. अतींद्र सिंह ने आज छायंसा स्थित अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों एवं अस्पताल की कार्यप्रणाली की समीक्षा करना तथा विद्यार्थियों, मरीजों एवं स्टाफ को आ रही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के दौरान कॉलेज प्रशासन ने अधिकारियों को वर्तमान में आ रही चुनौतियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान में फैकल्टी और स्टाफ की कमी है और अस्पताल में बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए दवाइयों व नए उपकरणों की तुरंत आवश्यकता है। साथ ही, प्रशासन ने अब तक किए गए सुधार कार्यों और भविष्य में समस्याओं को समय पर हल करने की अपनी योजनाओं के बारे में भी बताया।
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान मरीजों, विद्यार्थियों, फैकल्टी एवं अन्य कर्मचारियों से सीधे संवाद कर जमीनी स्तर की समस्याओं को समझा। विशेष रूप से छात्रों से जुड़े मुद्दों जैसे बिजली आपूर्ति, पेयजल उपलब्धता, हॉस्टल की स्थिति एवं शैक्षणिक प्रशिक्षण के लिए आवश्यक संसाधनों पर गंभीरता से चर्चा की गई। मौके पर उपस्थित लोक निर्माण विभाग (PWD), सिविल, इलेक्ट्रिकल एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे कॉलेज परिसर में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करें।
निरीक्षण उपरांत अतिरिक्त निदेशक एवं उप निदेशक ने कॉलेज के निदेशक एवं मेडिकल सुपरिटेंडेंट के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए। अधिकारियों ने संस्थान को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। वहीं, कॉलेज प्रशासन ने भी प्रतिबद्धता जताई कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुधारात्मक कदमों को प्रभावी रूप से लागू कर चिकित्सा शिक्षा एवं मरीजों की देखभाल में उत्कृष्टता सुनिश्चित करेंगे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



