Palwal News : वन विभाग द्वारा जिले को हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए 6 लाख पौधे तैयार किए जा रहे
मानसून के दौरान वन विभाग द्वारा चलाई गई स्कीमों के तहत पौधारोपण किया जाएगा। वन रेंज अधिकारी भारत शर्मा ने बताया कि पलवल जिला में पलवल रेंज के अंतर्गत पलवल और मिंडकौला नर्सरी बनाई गई है।
वन विभाग पलवल द्वारा जिले को हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए नर्सरियों में करीब 6 लाख पौधे तैयार किए जा रहे है। मानसून के दौरान वन विभाग द्वारा चलाई गई स्कीमों के तहत पौधारोपण किया जाएगा।
वन रेंज अधिकारी भारत शर्मा ने बताया कि पलवल जिला में पलवल रेंज के अंतर्गत पलवल और मिंडकौला नर्सरी बनाई गई है। इसी प्रकार होडल रेंज में होडल, हसनपुर, भिडूकी व बहीन में नर्सरी बनाई गई है। उक्त नर्सरियों में करीब 6 लाख पौधे तैयार किए जा रहे है। जिनमें जामुन, नीम, शीशम, पिलकन, कचनार, अमलतास, पीपल, बरगद, कढीपत्ता, गुड़हल सहित अन्य प्रजातियों के पौधे शामिल है। वन विभाग द्वारा एक पेड़ मां के नाम के अंतर्गत पौधागिरी,जल शक्ति अभियान,फ्री सप्लाई स्कीम चलाई गई है। पौधागिरी अभियान के तहत सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को निशुल्क पौधे वितरित किए जाते है। जल शक्ति अभियान के तहत ग्राम पंचायतों को पौधे प्रदान किए जाते है। वहीं फ्री सप्लाई के अंतर्गत आमजन को आधार कार्ड पर दो पौधे वितरित किए जाते है। कुल 150 लाख पौधे उक्त योजनाओं में बांटे जाते है। उन्होंने बताया कि वन विभाग के अथक प्रयासों से पलवल जिला में 100 हेक्टेयर भूमि को ग्रीन जोन बनाया गया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा वन विभाग द्वारा पलवल जिला में विभिन्न स्कीमों के तहत पौधारोपण करने तथा ग्रीन जोन के एरिया को बढ़ाने का जो टारगेट दिया जाएगा उसको पूरा किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए पौधारोपण अवश्य करें। पौधारोपण के बाद पौधों की देखभाल करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाने के लिए पौधरोपण करना एकमात्र विकल्प है। पौधे बडे होकर पेड़ बनकर हमें ऑक्सीजन प्रदान करते है। इसलिए पौधों का संरक्षण करना जरूरी है।




