मुख्यमंत्री घोषणा के तहत पलवल के वार्ड नंबर-1 से 10 का होगा स्वर्णिम विकास : खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम
करीब 35 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं से शहर की आधारभूत सुविधाओं को मिलेगा नया आयाम
हरियाणा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री घोषणा के तहत पलवल शहर के वार्ड नंबर 1 से 10 के समग्र विकास के लिए करीब 35 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई है।
पलवल: हरियाणा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री घोषणा के तहत पलवल शहर के वार्ड नंबर 1 से 10 के समग्र विकास के लिए करीब 35 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई है। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से शहर की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि स्वीकृत परियोजनाओं के अंतर्गत सडक़ों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम होगा। इसके अलावा जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा, जिससे बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए नई पाइपलाइन बिछाने और मौजूदा व्यवस्था के उन्नयन का भी प्रावधान किया गया है। खेल राज्य मंत्री ने कहा कि शहरी सौंदर्यीकरण के तहत पार्कों का विकास, सडक़ों के किनारे हरियाली बढ़ाना तथा सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित करने जैसे कार्य भी किए जाएंगे। इन प्रयासों से शहर का स्वरूप न केवल आकर्षक बनेगा बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में भी सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और पलवल को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और विकसित शहर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय व्यापार, रोजगार के अवसरों और सामाजिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने विश्वास जताया कि इन विकास परियोजनाओं का लाभ सीधे तौर पर आम नागरिकों को मिलेगा और पलवल शहर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

About The Author
संबंधित समाचार



