Ambala News : दहेज की भूख ने उजाड़ा घर, विवाहिता से मारपीट, दो मासूम बच्चों से किया अलग
हरियाणा के अंबाला जिले के साहा थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। कम दहेज, कार और एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर महिला से मारपीट कर उसे बच्चों से अलग कर घर से निकाल दिया गया।
अंबाला: हरियाणा के अंबाला जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां साहा थाना क्षेत्र में दहेज की भूख ने एक विवाहिता की जिंदगी को नरक बना दिया। आरोप है कि कम दहेज लाने के ताने, कार और एक लाख रुपये की नगद मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने विवाहिता रजनी के साथ बेरहमी से मारपीट की, उसकी जमापूंजी छीन ली और दो मासूम बच्चों से अलग कर उसे घर से बाहर निकाल दिया।
सोचिये वर्ष 2016 में मुलाना निवासी दीपक से हिंदू रीति-रिवाज से शादी, मायके की सीमित हैसियत के बावजूद दिया गया दान-दहेज और जेवर, लेकिन शादी के महज एक हफ्ते बाद ही पति दीपक, ससुर राजेंद्र और सास मनजीत के तानों की शुरुआत हो गई। मोटरसाइकिल से नाखुश ससुराल वालों ने समाज में इज्जत का वास्ता देकर कार की मांग रखी, पिता के न रहने और भाई के मजदूरी करने की मजबूरी जानते हुए भी प्रताड़ना नहीं रुकी। पीड़िता के 60 हजार रुपयेका इंतज़ाम करने के बाद भी आरोपी 1 लाख रूपए पर अड़े रहे । देवर की शादी में कार मिलने के बाद जुल्म और बढ़ गया ,सिलाई कर बच्चों का पेट पालने वाली महिला की मेहनत की कमाई छीन ली गई, गले से मंगलसूत्र तक छीन लिया गया और बच्चों से अलग कर दिया गया। अब रजनी की शिकायत और उच्चाधिकारियों की अनुमति के बाद पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115, 316(2), 351(2) और 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और भरोसा दिलाया है कि पीड़िता को उसका हक और उसके बच्चे दिलाने के लिए कानून पूरी सख्ती से अपना काम करेगा।




