एलिमिनेटर की जंग आज न्यू चंडीगढ़ में: बदले की तलाश में राजस्थान, जीत की लय में हैदराबाद
न्यू चंडीगढ़ में आज IPL 2026 का एलिमिनेटर खेला जाएगा जहां सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स आमने सामने होंगी दोनों टीमें जीत के इरादे से उतरेंगी जबकि हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा मुकाबले में अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजरें रहेंगी
न्यू चंडीगढ़ की शाम आज क्रिकेट के रोमांच से धड़कने वाली है। महाराजा यादविंदर सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज ठीक शाम 7:30 बजे IPL 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा, जहां आमने-सामने होंगी सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स। दोनों टीम पहले ही मोहाली पहुंच चुकी हैं और मंगलवार रात जमकर अभ्यास किया गया। इस सीजन में ये दोनों टीम दो बार भिड़ीं और दोनों ही बार बाज़ी सनराइजर्स हैदराबाद ने मारी। ऐसे में राजस्थान के लिए यह मुकाबला बदले और अस्तित्व की लड़ाई बन गया है। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में सबकी नजरें लोकल स्टार अभिषेक शर्मा और राजस्थान के विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी पर टिकी रहेंगी। खास बात यह है कि वैभव के पास आज इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।
मैच से पहले सनराइजर्स हैदराबाद के खेमे में जश्न का माहौल भी देखने को मिला। प्रैक्टिस सेशन के बाद टीम ने नीतीश कुमार रेड्डी और शिवांग कुमार का जन्मदिन होटल में केक काटकर मनाया, जिससे टीम का माहौल और भी सकारात्मक नजर आया।
आपको बता दें की दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। आम दर्शकों के लिए P4 से P8 पार्किंग तय की गई है, जहां ओमैक्स राउंडअबाउट से पहुंचा जाएगा। VIP दर्शकों के लिए P1 से P3 पार्किंग रहेगी, जबकि P3 को खासतौर पर मीडिया, PIP और दिव्यांग दर्शकों के लिए आरक्षित किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले रूट और पार्किंग की जानकारी जरूर लें।




