जिला स्तरीय 8वें पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ, पोषण को जन-आंदोलन बनाने पर जोर
जिला फरीदाबाद में उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के निर्देशानुसार जिला स्तरीय 8वें पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ आयोजित किया गया।
फरीदाबाद: जिला फरीदाबाद में उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के निर्देशानुसार जिला स्तरीय 8वें पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी चौधरी ने की, जबकि शुभारंभ उपमंडल अधिकारी, बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज ने किया।
.jpeg)
इस अवसर पर एसडीएम मयंक भारद्वाज ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग द्वारा निर्धारित दिवसीय गतिविधियों को गंभीरता और उत्साह के साथ धरातल पर लागू किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पोषण संबंधी संदेश पहुंच सके। उन्होंने कहा कि पोषण पखवाड़ा के दौरान माता एवं शिशु के पोषण, बच्चों के मस्तिष्क के संपूर्ण विकास, खेल-खेल में पढ़ाई, माता-पिता की सक्रिय भागीदारी, मोबाइल के कम प्रयोग तथा बागवानी के महत्व जैसे विषयों पर विशेष रूप से जागरूकता फैलाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में परिवार और समुदाय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता इस दिशा में अहम कड़ी हैं।
कार्यक्रम के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विज्ञान भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय स्तर पर भी 8वें पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया, जिसमें केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस केंद्रीय कार्यक्रम में जिला फरीदाबाद से 30 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, 5 सुपरवाइजरों तथा महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, फरीदाबाद-ग्रामीण ने भागीदारी की।
कार्यक्रम में जिला संयोजक, पोषण अभियान गीतिका सभरवाल ने सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली सभी गतिविधियों को जन आंदोलन डैशबोर्ड पर नियमित रूप से अपलोड किया जाए, ताकि गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी हेमा कौशिक ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने केंद्रों पर दहेज प्रथा की रोकथाम तथा बाल विवाह निषेध को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।




