राष्ट्रीय लोक अदालत में 13,743 मामलों का हुआ निपटारा, करोड़ों रुपये के दावों का हुआ समाधान : सीजेएम नेहा गुप्ता
ट्रैफिक चालान, बैंक रिकवरी, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना एवं दीवानी मामलों का हुआ निस्तारण
जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के चेयरमैन डॉ. सुशील कुमार गर्ग के मार्गदर्शन में तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नेहा गुप्ता के नेतृत्व में आज जिला न्यायालय परिसर नूंह में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया।
नूंह। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के चेयरमैन डॉ. सुशील कुमार गर्ग के मार्गदर्शन में तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नेहा गुप्ता के नेतृत्व में आज जिला न्यायालय परिसर नूंह में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सहमति के आधार पर त्वरित एवं स्थायी समाधान किया गया। लोक अदालत में ट्रैफिक चालान, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना दावा, पारिवारिक विवाद, दीवानी मामले, श्रम विवाद, बिजली-पानी बिल संबंधी विवाद, राजस्व मामले तथा अन्य वादों का निस्तारण किया गया।
लोक अदालत में कुल 15,283 मामलों को सुनवाई के लिए रखा गया, जिनमें से 13,743 मामलों का सफल निपटारा किया गया। इन मामलों में लगभग 6 करोड़ 11 लाख 54 हजार 320 रुपये की राशि के संबंध में समझौते एवं अवार्ड पारित किए गए।
ट्रैफिक चालानों के तहत 7,264 मामलों में से 6,137 मामलों का निपटारा किया गया, जबकि बैंक रिकवरी मामलों में भी बड़ी संख्या में पक्षकारों ने आपसी सहमति से समझौते किए। मोटर दुर्घटना दावा मामलों में पीड़ित पक्षों को राहत प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त पारिवारिक एवं वैवाहिक विवादों के मामलों में भी सौहार्दपूर्ण समझौते कराए गए।
सीजेएम नेहा गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय व्यवस्था को सरल, सुलभ और जनहितकारी बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। इससे लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलती है तथा समय और धन दोनों की बचत होती है। उन्होंने कहा कि लोक अदालतों के माध्यम से आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना को भी बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने आमजन से भविष्य में आयोजित होने वाली लोक अदालतों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



