Palwal News : रेडक्रॉस द्वारा निजी कंपनी कर्मचारियों को फर्स्ट एड, सीपीआर एवं नशा मुक्ति के प्रति किया गया जागरूक
नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं सामाजिक जीवन पर डालता है प्रतिकूल प्रभाव : नीतू सिंह
उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेड क्रॉस सोसायटी पलवल डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के निर्देशानुसार नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला रैड क्रॉस सोसायटी पलवल एवं समाज कल्याण विभाग पलवल द्वारा बुधवार को गांव सेवली स्थित एक निजी कंपनी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पलवल। उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेड क्रॉस सोसायटी पलवल डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के निर्देशानुसार नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला रैड क्रॉस सोसायटी पलवल एवं समाज कल्याण विभाग पलवल द्वारा बुधवार को गांव सेवली स्थित एक निजी कंपनी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कंपनी के स्टाफ सदस्यों को प्राथमिक उपचार, जीवन रक्षक विधि सीपीआर तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के आवश्यक उपायों की जानकारी दी गई। 
जिला रेडक्रॉस सोसायटी पलवल की जिला प्रशिक्षण अधिकारी नीतू सिंह एवं टेक्निकल कॉर्डिनेटर गौरव कुमार ने प्रतिभागियों को सीपीआर की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की तथा आपात स्थिति में समय पर प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर देने के महत्व से अवगत कराया। इसी कड़ी में समाज कल्याण विभाग पलवल की ओर से गजेंद्र एवं वेद प्रकाश ने कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने कर्मचारियों से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कर्मचारियों को नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं एवं आमजन को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। जिला रेडक्रॉस सोसायटी एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम में कंपनी के स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्राथमिक उपचार, सीपीआर और नशा मुक्ति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।




