मुख्य सचिव ने की पेट्रोल, डीजल ,घरेलू गैस ईंधन आपूर्ति व रबी खरीद की समीक्षा, नूंह में व्यवस्थाएं संतोषजनक : अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति

- अब तक 230.30 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जबकि सरसों की खरीद भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार जारी है

Desh Rojana
On

हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेट्रोल, डीजल व एलपीजी गैस की आपूर्ति तथा रबी सीजन की फसलों की खरीद व्यवस्था की समीक्षा की।

नूंह:  हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेट्रोल, डीजल व एलपीजी गैस की आपूर्ति तथा रबी सीजन की फसलों की खरीद व्यवस्था की समीक्षा की।  बैठक में जिला नूंह से अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने भाग लेते हुए जिले की स्थिति से अवगत कराया।
IMG-20260407-WA0044
अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला नूंह में ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है। पेट्रोल, डीजल, एलपीजी व सीएनजी की उपलब्धता सुचारू रूप से सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिला में कुल 13 गैस एजेंसियां हैं सभी गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है। प्रशासन द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग, कालाबाजारी व जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। इसके तहत जिले में पांच प्रवर्तन टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार निरीक्षण व छापेमारी कर रही हैं। अब तक 134 स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है, जिसमें 23 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। विशेष रूप से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों के उपयोग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने आमजन से अपील की कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने रबी फसल खरीद की जानकारी देते हुए बताया कि जिले की मंडियों में गेहूं व सरसों की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। 6 अप्रैल 2026 तक जिले में कुल 230.30 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जबकि सरसों की खरीद भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार जारी है। मंडियों में किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि उपभोक्ताओं को गैस या अन्य ईंधन आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के लिए जिला मुख्यालय स्थित गैस कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 01267-274615 उपलब्ध करवाया गया है। अब तक इस नंबर पर प्राप्त सभी शिकायतों का उसी दिन समाधान सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन को पारदर्शी, सुचारू एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad