तावडू में सीएम फ्लाइंग की छापेमारी से हड़कंप, बीडीपीओ सहित कई कर्मचारी मिले गैरहाजिर
चार ठिकानों से मिठाई-पनीर के 24 सैंपल जब्त, एक गोदाम में बिजली चोरी भी पकड़ी।
गुरुवार को तावडू क्षेत्र में मुख्यमंत्री फ्लाइंग स्क्वायड ने सुबह से शाम चार बजे तक ताबड़तोड़ छापेमारी की। इनमें सबसे पहले तावडू बीडीपीओ कार्यालय कलवाड़ी, उसके बाद शहर में मिठाई की दुकान व
गुरुवार को तावडू क्षेत्र में मुख्यमंत्री फ्लाइंग स्क्वायड ने सुबह से शाम चार बजे तक ताबड़तोड़ छापेमारी की। इनमें सबसे पहले तावडू बीडीपीओ कार्यालय कलवाड़ी, उसके बाद शहर में मिठाई की दुकान व गोदाम और गोगजाका गांव में पनीर के गोदाम पर छापेमारी की गई। एक ही दिन में चार अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए बीडीपीओ कार्यालय से लेकर मिठाई गोदाम और पनीर डेयरी तक में अनियमितताएँ पकड़ी गईं। खंड पंचायत विकास कार्यालय में खुद बीडीपीओ सहित अन्य सरकारी कर्मचारी गैरहाजिर मिले, जबकि मिठाई और पनीर के कुल 24 सैंपल जांच के लिए भेजे गए तथा एक मिठाई गोदाम में बिजली चोरी का भी खुलासा हुआ।

मुख्यमंत्री उड़न दस्ता टीम से मिली जानकारी के मुताबिक सबसे पहले सुबह 9:15 बजे बीडीपीओ कार्यालय कलवाड़ी पहुँची टीम को वहाँ बीडीपीओ अरुण कुमार मौजूद नहीं मिले। फोन करने पर उन्होंने खुद को मीटिंग में बताया लेकिन लोकेशन भेजने से मना कर दिया और कोई आधिकारिक दस्तावेज भी नहीं दिखाया। कार्यालय में अन्य कर्मचारी भी अनुपस्थित पाए गए जिनमें दो साल से लगातार गैरहाजिर चल रहे अकाउंटेंट सतेंद्र कुमार भी शामिल हैं। अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ विकास एवं पंचायत विभाग चंडीगढ़ को सख्त कार्रवाई की रिपोर्ट भेजी गई है। इसके बाद सुबह करीब 11:30 बजे तावडू बस स्टैंड के पास मंगला स्वीट्स पर छापा पड़ा। दुकानदार कैलाश सिंह ने वैध लाइसेंस दिखाया। यहाँ 40 किलो खोया और 120 लीटर वनस्पति घी में से सैंपल लिए गए। दोपहर में टीम वार्ड नंबर 10 स्थित एक मिठाई गोदाम पर पहुँची जहाँ संचालक संजय सैनी व प्रभाद सैनी मौजूद मिले। गोदाम में बिजली मीटर नहीं था और सीधे बिजली चोरी की जा रही थी। बिजली विभाग के फोरमैन राजेश यादव ने मौके पर ही बिजली निगम नियम के तहत चालान काटा। यहीं गोदाम से 300 किलो तैयार मिठाई मिली जिसमें 100 किलो गुलाब जामुन, 100 किलो रसगुल्ला और 100 किलो बर्फी शामिल थी। सभी तरह की मिठाइयों के सैंपल लिए गए।

सबसे गंभीर बात यह रही कि संचालक के पास भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक का लाइसेंस ही नहीं था। चौथी कार्रवाई गोगजका गाँव में हरियाणा पनीर भंडार पर हुई। संचालक सद्दाम ने वैध लाइसेंस दिखाया। यहाँ 700 किलो दूध और 300 किलो पनीर मिला, दोनों के सैंपल लिए गए। पूरे दिन की कार्रवाई में खोया, वनस्पति घी, गुलाब जामुन, रसगुल्ला, बर्फी, दूध और पनीर सहित कुल 24 सैंपल लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर मिलावट मिलने पर दुकानदारों-गोदाम मालिकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।तावडू क्षेत्र में एक ही दिन में चार जगहों पर हुई इस बड़ी कार्रवाई से मिलावटखोरों और लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय जागरूक लोगों ने मुख्यमंत्री फ्लाइंग टीम की छापेमारी की इस कार्रवाई सराहना की है,और उम्मीद जताई है कि ऐसी कार्रवाइयाँ लगातार जारी रहेंगी।

About The Author
संबंधित समाचार



